बिहार: कटिहार में स्मैक के साथ तस्कर सहित सात गिरफ्तार, 58 हजार रुपए बरामद

बिहार: कटिहार में स्मैक के साथ तस्कर सहित सात गिरफ्तार, 58 हजार रुपए बरामद


कटिहार, 11 फरवरी। बिहार के कटिहार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फलका थाना क्षेत्र से नशीले पदार्थ स्मैक के एक तस्कर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फलका थाना पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 09.28 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही स्मैक की नशे की हालत में छह लोगों को भी पकड़ा गया है।

बताया गया कि कटिहार जिला के फलका थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि लाली सिंधिया गांव में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी रवि कुमार एक टीम के साथ लाली सिंधिया गांव पहुंचे और संबंधित इलाके में छापेमारी की।

पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे तत्परता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कुमार बताया। तलाशी के क्रम में उसके पास से 09.28 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल एवं नगद 58,720 रुपये बरामद किए गए।

थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि स्मैक के नशे की हालत में पाए गए छह लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। नशे में पकड़े गए लोगों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पकड़े गए युवाओं में कुछ अन्य जिले के भी बताए जा रहे हैं।

पुलिस तस्कर से पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह स्मैक कहां से लाता था। इधर, जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

इस दौरान भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए गए और पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया गया कि पुलिस ने एक गोदाम में छापेमारी कर वहां से 1800 किलोग्राम नौशादर तथा 2,88,000 नशीली टैबलेट बरामद की है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
5,979
Messages
6,011
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top