विश्व चिंतन दिवस: सौ साल से लड़कियों को सशक्त कर रहा, दोस्ती-भाईचारे का यह दिन क्यों है बेहद खास

विश्व चिंतन दिवस: लड़कियों के लिए सौ साल से क्यों खास है यह दिन


नई दिल्ली, 22 फरवरी। दुनियाभर में हर साल 22 फरवरी को विश्व चिंतन दिवस मनाया जाता है। यह दिन खास तौर पर गर्ल गाइड्स और गर्ल स्काउट्स से जुड़ा हुआ है, जो कि भारत के साथ ही दुनियाभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है।

विश्व चिंतन दिवस विशेष रूप से गर्ल स्काउट्स और गर्ल गाइड्स से जुड़ा है, जो 153 से अधिक देशों में सक्रिय हैं। इस दिन का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय दोस्ती, भाईचारे को बढ़ावा देना और दुनिया भर की लड़कियों तथा महिलाओं को सशक्त बनाना है। यह दिन वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ गर्ल गाइड्स एंड गर्ल स्काउट्स द्वारा आयोजित किया जाता है।

एसोसिएशन दुनिया की सबसे बड़ी स्वैच्छिक संस्था है जो लड़कियों और युवा महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करती है। विश्व चिंतन दिवस पर सदस्य वैश्विक मुद्दों पर विचार करते हैं, उन पर कार्रवाई करते हैं और फंड जुटाकर जरूरतमंद लड़कियों को स्काउट्स में शामिल होने का मौका देते हैं।

अब सवाल है कि विश्व चिंतन दिवस के लिए 22 फरवरी को क्यों चुना गया? यह तारीख लॉर्ड रॉबर्ट बैडेन-पॉवेल के जन्मदिन के रूप में चुनी गई थीं, जो बॉयज स्काउट मूवमेंट के संस्थापक और दुनिया के पहले चीफ स्काउट थे। उनकी पत्नी ओलेव बैडेन-पॉवेल, जो वर्ल्ड चीफ गाइड थीं का भी जन्म इसी दिन हुआ था। साल 1926 में अमेरिका के चौथे विश्व सम्मेलन में डेलीगेट्स ने फैसला किया कि 22 फरवरी को गर्ल गाइड्स और गर्ल स्काउट्स के लिए एक विशेष दिन होगा, जिसे शुरू में 'थिंकिंग डे' कहा गया। यह दिन संस्थापकों के जन्मदिन के रूप में शुरू हुआ, लेकिन धीरे-धीरे यह वैश्विक दोस्ती और एकता का प्रतीक बन गया।

साल 1999 में आयरलैंड के डबलिन में 30वें विश्व सम्मेलन में इसका नाम बदलकर 'वर्ल्ड थिंकिंग डे' कर दिया गया ताकि इसके वैश्विक महत्व को बेहतर तरीके से दिखाया जा सके।

साल 2026 की थीम पर नजर डालें तो विश्व चिंतन दिवस अपनी 100वीं सालगिरह मना रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर थीम "हमारी दोस्ती" रखी गई है। यह थीम स्थानीय और वैश्विक स्तर पर दोस्ती के महत्व को उजागर करती है। ऐसे में मेंबर्स नए कनेक्शन बनाएंगे और गर्ल गाइड्स/स्काउट्स की वैश्विक कम्युनिटी की ताकत को और सक्षम करने की प्रयास में जुटेंगे। यह थीम अतीत, वर्तमान और भविष्य पर विचार करता है।

साल 1932 में पोलैंड के सातवें विश्व सम्मेलन में विश्व चिंतन दिवस फंड शुरू किया गया था। इस फंड के जरिए सदस्य दान देकर दुनिया भर की लड़कियों को गर्ल गाइडिंग और स्काउटिंग में शामिल होने का अवसर देते हैं। फंड का उपयोग जरूरतमंद समुदायों की मदद, सकारात्मक बदलाव लाने और जीवन बदलने वाले मौके प्रदान करने में होता है।

एसोसिएशन की स्थापना साल 1928 में पोलैंड में हुई थी। इसका मुख्यालय लंदन में है और वर्तमान सीईओ एना सेगल हैं। संगठन पांच विश्व केंद्र चलाता है - एडेलबोडेन (स्विट्जरलैंड), लंदन (इंग्लैंड), क्यूर्नावाका (मेक्सिको), महाराष्ट्र (भारत) और अफ्रीका में। ये केंद्र सदस्यों को प्रशिक्षण, आदान-प्रदान और वैश्विक अनुभव प्रदान करते हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,455
Messages
9,490
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top