काशी के विकास और स्वच्छता को लेकर मंत्री एके शर्मा सख्त: 'कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं, हर वार्ड पर नजर'

काशी के आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल: एके शर्मा


वाराणसी, 22 फरवरी। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने वाराणसी के समग्र विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नगर निगम, जल-कल और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों की वार्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में महापौर अशोक तिवारी की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने नगर निगम और जल-कल विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, पेयजल आपूर्ति, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

मंत्री शर्मा ने स्पष्ट कहा कि काशी की स्वच्छता और आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, समयबद्ध कूड़ा उठान, नालों की सिल्ट सफाई और सीवर लाइनों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आगामी मौसम को ध्यान में रखते हुए जलभराव संभावित क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता, पाइपलाइन लीकेज, ओवरहेड टैंकों की नियमित सफाई और जल-कल विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

मंत्री ने कहा कि नागरिकों को शुद्ध और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी क्षेत्र में कूड़ा एकत्रित न रहने पाए। कचरा निस्तारण को वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से संचालित करने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।

मंत्री ने बैठक में उपस्थित पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में विकास और सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। किसी भी वार्ड में समस्या उत्पन्न होने पर उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए ताकि त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि वाराणसी को स्वच्छ, सुचारु और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। जर्जर तार हटाने के निर्देश नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर बिजनेस प्लान और आरडीएसएस के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए जर्जर बिजली तारों और पुराने पोलों को पूरी तरह हटाने के कड़े निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि विद्युत आपूर्ति में व्यवधान, बार-बार ट्रिपिंग और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आधारभूत ढांचे का आधुनिकीकरण अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जनता को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top