नेपाल: काठमांडू एयरपोर्ट अब सुरक्षा घेरे में, एक महीने तक सभी विरोध-प्रदर्शनों पर लगा कड़ा प्रतिबंध

नेपाल: काठमांडू एयरपोर्ट के आसपास एक महीने तक विरोध-प्रदर्शनों पर रोक


काठमांडू, 12 फरवरी। काठमांडू प्रशासन ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और उसके आसपास के क्षेत्रों में पांच से अधिक लोगों के किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन पर शुक्रवार से एक महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

जिला प्रशासन कार्यालय (डीएओ), काठमांडू ने यह आदेश जारी करते हुए कहा कि कुछ समूह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में प्रदर्शन की योजना बना रहे थे। इसके मद्देनजर हवाई अड्डे के पूरे परिसर और आसपास के इलाकों में भूख हड़ताल, धरना, घेराव, रैली, प्रदर्शन और पांच से अधिक लोगों की सभा पर रोक लगाई गई है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पूरे एयरपोर्ट परिसर तक की सभी सड़कें, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल क्षेत्र, पार्किंग क्षेत्र और हवाई अड्डे की परिधि के भीतर आने वाले सभी स्थान शामिल हैं।

डीएओ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और उसके आसपास का क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है। प्रशासन के अनुसार, “भूख हड़ताल, धरना, घेराव, रैली और प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम उग्र भीड़ द्वारा तोड़फोड़, आगजनी और अन्य अवांछनीय गतिविधियों को जन्म दे सकते हैं। इससे झड़प, हिंसा और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका है, जिससे आवश्यक सेवाएं, सार्वजनिक परिवहन, सार्वजनिक संपत्ति और शांति-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।”

हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह नेपाल के संविधान के तहत नागरिकों के अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण और बिना हथियार सभा करने तथा विरोध कार्यक्रमों में भाग लेने के अधिकार के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह अधिकार अन्य क्षेत्रों में लागू रहेगा।

डीएओ ने प्रदर्शन आयोजकों से अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने से पहले पूर्व सूचना देने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी सरकारी, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो कानून के अनुसार क्षति का आकलन कर उसकी भरपाई आयोजकों से ही वसूली जाएगी।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,630
Messages
16,667
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top