पंजाब पुलिस ने अमृतसर में किया कमाल! सीमापार से ड्रग-हथियार तस्करी का रैकेट ध्वस्त, 5 शातिर गिरफ्तार

पंजाब पुलिस का एक्शन: अमृतसर में सीमा पार ड्रग तस्कर का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार


चंडीगढ़, 9 फरवरी। पंजाब पुलिस ने सोमवार को अमृतसर में नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर विशेष ऑपरेशन चलाया, जिसमें सीमा पार से एक ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके कब्जे से अत्याधुनिक पिस्तौल, कारतूस, हेरोइन और कैश बरामद किया है।

इसकी जानकारी डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अमृतसर के एसएसओसी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, ''गैंगस्टरों पर वार के तहत एक इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और छह अत्याधुनिक पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपए बरामद किया गया है।''

उन्होंने आगे लिखा, ''शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और अवैध हथियारों और ड्रग्स की तस्करी में शामिल हैं। आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पीएस कैंटोनमेंट, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस संगठित अपराध को खत्म करने, नार्को-टेरर नेटवर्क को तोड़ने और नशा मुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।''

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी अमृतसर जिले के घरिंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डाओके गांव के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये लोग पाकिस्तान में बैठे एक ड्रग स्मगलर के सीधे संपर्क में थे। उस पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर ही वे हेरोइन की तस्करी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन की खेप गांव के आसपास गिराई जाती थी, जिसे बाद में राज्य के अन्य हिस्सों में पहुंचाया जाता था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोहराया है कि पंजाब पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी तरह अडिग है। राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए इंटेलिजेंस सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसे गिरोहों को समय रहते खत्म किया जा सके।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,226
Messages
5,258
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top