टी20 विश्व कप: नेपाल ने इंग्लैंड के छुड़ाए पसीने! 4 रन से मिली जीत, आखिर तक रोमांचक रहा मुकाबला

टी20 विश्व कप: सांस रोक देने वाले मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया


मुंबई, 8 फरवरी। वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप सी के मुकाबले में बड़ा उलटफेर होते-होते बचा। सांस रोक देने वाले रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने नेपाल को 4 रन से हराया। आखिरी ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी, लेकिन नेपाल 5 रन बना सकी और 4 रन से मैच हार गई। इंग्लैंड की तरफ से आखिरी ओवर सैम करन ने किया था।

185 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी नेपाल क्रिकेट टीम मजबूत जीवटता का परिचय दिया। कुशाल भुर्टेल ने 17 गेंद पर 29 रन, कप्तान रोहित पॉडेल ने 34 गेंद पर 39 रन, दीपेंद्र सिंह एरे ने 29 गेंद पर 44 रन, और लोकेश बाम ने 20 गेंद पर बनाए 39 रन की बदौलत नेपाल ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। नेपाल जीत से सिर्फ एक शॉट पीछे रह गई।

सैम करन ने भी आखिरी ओवर में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और लीग क्रिकेट का पूरा अनुभव दिखाया जिसकी वजह से इंग्लैंड को जीत हासिल हो सकी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कम अनुभव और बड़ी टीमों के खिलाफ कम खेलना नेपाल की हार की वजह जरूर बना, लेकिन एशिया की इस उभरती टीम ने मैच के दौरान अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी और संघर्ष के जज्बे से आखिरी गेंद तक इंग्लैंड की सांस रोक दी थी।

इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने 2, और ल्यूक वुड, जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और सैम करन ने 1-1 विकेट लिए।

इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 184 रन बनाए थे। जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने अर्धशतक लगाया था। बेथेल ने 35 गेंद पर 4 छक्के और 4 चौकों की मदद से 55 और ब्रूक ने 32 गेंद पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 53 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे विल जैक्स ने 18 गेंद पर 4 छक्कों की मदद से 39 रन बनाए थे। जोस बटलर ने भी 17 गेंद पर 26 रन की पारी खेली थी।

विल जैक्स प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,010
Messages
5,042
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top