नोएडा में 4 दिवसीय फ्लावर शो: फूलों से सजा केदारनाथ मंदिर खिंचेगा सबका मन, महकेगा शहर

चार दिन तक फूलों की खुशबू से महकेगा नोएडा, केदारनाथ मंदिर थीम बनेगी मुख्य आकर्षण


नोएडा, 6 फरवरी। शहरवासियों के लिए फरवरी का महीना इस बार खास होने जा रहा है। नोएडा में 19 से 22 फरवरी तक भव्य फ्लावर शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फूलों की रंग-बिरंगी दुनिया देखने को मिलेगी। यह आयोजन सेक्टर-33ए स्थित शिल्पहाट के पास शिवालिक पार्क में किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाला यह फ्लावर शो प्रकृति, कला और संस्कृति का अनूठा संगम होगा। फ्लावर शो का सबसे बड़ा आकर्षण फूलों से निर्मित केदारनाथ मंदिर होगा। यह मंदिर करीब 30 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा होगा, जिसे विभिन्न प्रजातियों के फूलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा, शो का मुख्य प्रवेश द्वार भी केदारनाथ थीम पर तैयार किया जाएगा, जिसकी लंबाई 22 फीट और ऊंचाई लगभग 25 फीट होगी।

केदार मंदिर के सामने फूलों से बने त्रिशूल, डमरू और नंदी की आकृतियां स्थापित की जाएंगी, जिनकी लंबाई करीब 8 फीट और ऊंचाई 3 फीट होगी। वहीं, करेले से तैयार 6 फीट ऊंचा हाथी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। फ्लावर शो में सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्य पाथवे पर 7 फीट ऊंचे बास्केट के जरिए सजावट की जाएगी। इसके साथ ही बास्केट फॉर पॉट्स फ्लावर, टॉप बास्केट फ्लो (8 फीट), प्रवेश पाथवे द्वार और प्रवेश गार्डन द्वार (10 फीट लंबाई और 12 फीट ऊंचाई) बनाए जाएंगे। इसके अलावा ढोलक शेप बास्केट स्टेप, फ्लोरल रेप्लिका ऑफ मटका फ्लो, बुद्धा लोटस और अन्य आकर्षक फ्लोरल स्कल्पचर भी तैयार किए जाएंगे।

इस फ्लावर शो में उत्तर रेलवे, नई दिल्ली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन, दक्षिणी दिल्ली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन, भारतीय थल सेना, कोटा हाउस, भारत पेट्रोलियम, एलजी, एडोब सिस्टम, एनआईआईटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगाएंगे।

कार्यक्रमों की बात करें तो 19 फरवरी को गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह फ्लावर शो का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन अवसर पर आईटीबीपी बैंड टीम की प्रस्तुति होगी। 20 फरवरी को सवत्र बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति देगा। 21 फरवरी को विभिन्न संस्थानों द्वारा तैयार किए गए गार्डन का जजों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। 22 फरवरी को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

इसी दिन समापन समारोह में कवि सम्मेलन होगा, जिसमें डॉ विष्णु सक्सेना, डॉ अर्जुन शिशौदिया, अनिल अगवंशी, शंभू शिखर, कल्पना शुक्ला और विनोद पांडेय जैसे प्रसिद्ध कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। फ्लावर शो में 90 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 38 नर्सरी शामिल होंगी। इनमें से कुछ नर्सरी कालिम्पोंग और भीमताल से भी आएंगी। यहां बीज, खाद, नर्सरी उत्पाद, खेती के औजार, सजावटी पौधे, कीटनाशक, गमले और उद्यान से जुड़ा हर जरूरी सामान उपलब्ध होगा। कुल मिलाकर यह फ्लावर शो नोएडा के लोगों के लिए प्रकृति प्रेम और सांस्कृतिक आनंद का यादगार अनुभव बनने जा रहा है।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
4,428
Messages
4,460
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top