US दूतावास ने पाकिस्तान में वीजा सेवाएं 20 मार्च तक बढ़ाईं, आवेदकों को कराची-लाहौर में भी झटका

इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने 20 मार्च तक वीजा सेवाएं निलंबित कीं


इस्लामाबाद, 13 मार्च। इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार को घोषणा की कि वीजा सेवाओं का निलंबन 20 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही कराची और लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों की सभी कांसुलर सेवाएं भी फिलहाल स्थगित रहेंगी।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास अमेरिकी नागरिकों को नियमित और आपातकालीन सेवाएं देता रहेगा। हालांकि 20 मार्च तक सभी इमिग्रेंट और नॉन-इमिग्रेंट वीज़ा अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए गए हैं। प्रभावित आवेदकों को नई तारीख तय करने के लिए ईमेल के जरिए निर्देश भेजे जाएंगे।

दूतावास ने यह भी बताया कि आवेदक अपनी अपॉइंटमेंट की स्थिति संबंधित वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा, कराची और लाहौर स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों में सभी कांसुलर सेवाएं अभी भी निलंबित हैं।

गौरतलब है कि 3 मार्च को अमेरिका ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए लाहौर और कराची स्थित अपने वाणिज्य दूतावासों में तैनात गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को पाकिस्तान छोड़ने का निर्देश दिया था।

अमेरिकी दूतावास ने बयान में कहा कि 3 मार्च 2026 को अमेरिकी विदेश विभाग ने सुरक्षा जोखिमों के कारण लाहौर और कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों से गैर-आपातकालीन कर्मचारियों और उनके परिवारों को वापस बुलाने का आदेश दिया था। हालांकि, इस्लामाबाद स्थित दूतावास की स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में व्यापक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान में झड़पों के दौरान कम से कम 23 प्रदर्शनकारियों की मौत हुई। इनमें कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर 10, पाकिस्तान अधिकृत गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कर्दू में 11 और इस्लामाबाद में दो लोगों की मौत हुई। स्कर्दू में भीड़ ने संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यालय में आग भी लगा दी थी।

कराची में प्रदर्शनकारी अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर एकत्र हुए, जहां प्रत्यक्षदर्शियों ने गोलीबारी की भी सूचना दी। वहीं लाहौर में सैकड़ों प्रदर्शनकारी वाणिज्य दूतावास के बाहर जमा हुए, जहां पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

इस्लामाबाद में भी प्रदर्शनकारियों ने भारी सुरक्षा और सड़क अवरोधों के बावजूद अमेरिकी दूतावास की ओर मार्च करने की कोशिश की।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,299
Messages
16,336
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top