मणिपुर के चुराचांदपुर में कुकी-जो विधायकों की भागीदारी के विरोध में बंद, तनाव के बीच जनजीवन पूरी तरह ठप

मणिपुर के चुराचांदपुर में बंद से जनजीवन अस्त-व्यस्त


इंफाल, 6 फरवरी। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में शुक्रवार को सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। कई आदिवासी संगठनों ने राज्य सरकार के गठन में कुकी-जो समुदाय के विधायकों की भागीदारी के विरोध में पूरे जिले में बंद का आह्वान किया था।

कुकी-ज़ो आबादी वाले इस पहाड़ी जिले में बंद के कारण हालात तनावपूर्ण बने रहे। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को तेंगनौपाल और अन्य पहाड़ी जिलों में भी विरोध रैलियां निकाली गईं। इंफाल में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लाठियां लिए प्रदर्शनकारियों ने चुराचांदपुर जिला मुख्यालय के कुछ इलाकों में वाहनों को रोक दिया।

बंद के दौरान सरकारी और निजी कार्यालय, दुकानें, बाजार, बैंक और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी लगभग पूरी तरह ठप रही। कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (केएसओ), कुकी विमेन ऑर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स, जॉइंट फोरम ऑफ सेवन (जेएफ7) और अन्य कुकी-ज़ो आदिवासी संगठनों ने चुराचांदपुर जिला मुख्यालय में 24 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया था।

स्थिति को देखते हुए जिले और अन्य पहाड़ी इलाकों में बड़ी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। केएसओ और केड्ब्लूओएचआर ने शुक्रवार दोपहर को सरकार गठन में कुकी-ज़ो विधायकों की भागीदारी के विरोध में एक बड़ी रैली भी निकाली।

इससे पहले गुरुवार शाम को तुइबोंग बाजार और फॉरेस्ट गेट इलाकों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई थी। हालात काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इन झड़पों में कम से कम पांच लोग घायल हो गए।

इंफाल में एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर युवा शामिल थे। उन्होंने कूड़े के ढेर में आग लगाई, टायर जलाए और कुकी-ज़ो समुदाय से आने वाली भाजपा विधायक और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के खिलाफ नारे लगाए।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। शुरू में प्रदर्शनकारियों की संख्या सुरक्षाकर्मियों से अधिक थी और उन्होंने भारी पथराव किया। इसके बाद हालात काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।

बाद में हालात न बिगड़ें, इसके लिए प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे तक रुक-रुक कर झड़पें होती रहीं। अधिकारी ने बताया कि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात सामान्य करने की कोशिशों की निगरानी कर रहे हैं।

चुराचांदपुर जिले में बुधवार शाम (4 फरवरी) से तनाव बना हुआ है। उसी दिन कांगपोकपी जिले की रहने वाली नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

नेमचा किपगेन मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के मंत्रिमंडल की एकमात्र महिला सदस्य हैं, जिन्होंने बुधवार को पदभार संभाला। कुकी-ज़ो समुदाय के कुल दस विधायकों में से तीन-नेमचा किपगेन, एल.एम. खौटे और न्गुर्संगलुर सनाटे, अब तक सरकार गठन की प्रक्रिया में शामिल रहे हैं।

इन दस कुकी-ज़ो विधायकों में से सात भाजपा से जुड़े हैं, जबकि बाकी तीन स्थानीय कुकी-ज़ो संगठनों से जुड़े बताए जाते हैं। किपगेन, खौटे और सनाटे ने गुरुवार को 12वीं मणिपुर विधानसभा के सातवें सत्र में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।

राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सत्र को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि हिंसा प्रभावित राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करना सभी स्टेकहोल्डर्स की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें चुने हुए प्रतिनिधि भी शामिल हैं।

राज्यपाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

इस बीच, कुकी-ज़ो आदिवासी समुदाय की सर्वोच्च संस्था, कुकी-ज़ो काउंसिल ने गुरुवार को घोषणा की कि वे उन सभी कुकी-ज़ो विधायकों का सामाजिक बहिष्कार करेंगे, जिन्होंने मणिपुर सरकार के गठन में भाग लिया या शामिल रहे।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
4,258
Messages
4,290
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top