बांग्लादेश में इस्लामी नेता हादी की हत्या: UN जांच की मांग पर झुकी सरकार, संयुक्त राष्ट्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव

इस्लामवादी नेता हादी की हत्या की यूएन जांच की मांग, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार करेगी प्रस्ताव


ढाका, 6 फरवरी। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने कट्टरपंथी संगठन इंकिलाब मंचो के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या की जांच संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय से कराने का फैसला किया है। इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा।

इसकी जानकारी बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब इंकिलाब मंचो ने हादी की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ढाका में मुख्य सलाहकार के आधिकारिक आवास ‘जमुना’ के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू किया।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार शाम शुरू हुए इस धरने में संगठन के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर, फातिमा तसनीम जुमा, हादी की पत्नी और कुछ समर्थक शामिल हुए।

धरने को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला अल जाबेर ने कहा कि संगठन चाहे तो बड़ी संख्या में लोगों को जुटा सकता था, लेकिन उन्होंने हादी की पत्नी के साथ वहीं डटे रहने का फैसला किया है, जब तक मुख्य सलाहकार की ओर से स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि न्याय की पूर्ण गारंटी के बिना धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

धरने के दौरान इंकिलाब मंचो ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम पुलिस और अन्य बलों से घिरे हुए हैं, जिनके हाथों में लाठियां हैं। हमारा अंतिम शब्द है, जब तक हादी की हत्या की जांच यूएन के नेतृत्व में निष्पक्ष तरीके से नहीं होती, हम यहां से नहीं हटेंगे, चाहे हमें मार ही क्यों न दिया जाए।”

गौरतलब है कि पिछले महीने बांग्लादेश पुलिस ने हादी की हत्या को राजनीतिक रूप से प्रेरित हत्या करार दिया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस हमले की साजिश सिंगापुर में रची गई थी।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) की डिटेक्टिव ब्रांच ने इस मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ ढाका की एक मेट्रोपॉलिटन अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।

32 वर्षीय शरीफ उस्मान हादी इंकिलाब मंचो के प्रवक्ता थे और जुलाई-अगस्त 2024 के जन आंदोलनों के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे, जिनके बाद शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी। वह 12 फरवरी को होने वाले चुनावों के लिए संसदीय उम्मीदवार भी थे।

हादी पर आरोप था कि वे बांग्लादेश में इस्लामवादी और भारत विरोधी विचारधाराओं का प्रचार करते थे।

12 दिसंबर 2025 को ढाका के पलटन रोड पर रिक्शा से जाते समय बाइक सवार हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल हादी को इलाज के लिए सिंगापुर एयरलिफ्ट किया गया, जहां 18 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top