RCB की पहली IPL ट्रॉफी के बाद कोहली पहले से कहीं ज्यादा भूखे! इरफान बोले- अब जीतेंगे लगातार

इस आईपीएल कोहली पहले से कहीं ज्यादा भूखे होंगे, खासकर पिछले सीजन ट्रॉफी उठाने के बाद: इरफान


नई दिल्ली, 12 मार्च। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि विराट कोहली 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को उसकी पहली ट्रॉफी जिताने के बाद लगातार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टाइटल जीतने के लिए 'पहले से कहीं ज्यादा भूखे' होंगे।

विराट कोहली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल मैच में 43 रन बनाकर आरसीबी की आईपीएल 2025 की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने बीते सीजन 15 मुकाबलों में 657 रन बनाए थे। वह आरसीबी की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।

भारत के पूर्व बाएं हाथ के पेसर इरफान पठान ने 'जियोस्टार' पर कहा, "विराट कोहली में भूख बरकरार रहेगी। असल में, वह पहले से कहीं ज्यादा भूखे होंगे, खासकर पिछले सीजन में आईपीएल ट्रॉफी उठाने के बाद। वह लगातार आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहेंगे। उनमें जीतने और असर डालने की यह भूख हमेशा बनी रहेगी।"

पठान ने यह भी कहा कि कोहली का जुनून उनके हाल के इंटरनेशनल मैचों में साफ दिखा। उन्होंने कहा, "हमने यह तब देखा जब वह इंडिया के लिए खेले, खासकर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में। ऐसा लगता है कि वह हर मैच में असर डालना चाहते हैं। मुझे लगता है कि जब वह इस सीजन में वापस आएंगे तो उनमें वैसा ही जुनून होगा। वह एक बार फिर ट्रॉफी उठाना चाहेंगे।"

आईपीएल 2026 में आरसीबी की टीम अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी।

बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने पिछले सीजन 10 मुकाबलों में 150.60 के स्ट्राइक-रेट से 247 रन बनाए थे। पठान को उम्मीद है कि पड्डिकल इस बार फिर आरसीबी के कैंपेन में अहम रोल निभाएंगे।

उन्होंने कहा, "देवदत्त पडिक्कल आईपीएल 2026 में आरसीबी की सफलता में अहम रोल निभाने वाले हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में सभी फॉर्मेट में बाएं, दाएं और सेंटर में रन बनाए हैं। वह एक बहुत बेहतर खिलाड़ी लगते हैं। एक समय था जब वह जूझ रहे थे, उनकी टाइमिंग सही नहीं थी, लेकिन अब वह पुरानी बात हो गई है। देवदत्त पडिक्कल अब एक अलग खिलाड़ी हैं। उनमें बहुत आत्मविश्वास है।"

उन्होंने कहा, "आरसीबी के बारे में मुझे जो बात सबसे अच्छी लगती है, वह यह है कि पहले यह टीम मैच जीतने के लिए विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल पर बहुत ज्यादा निर्भर रहते थे। अब यह बदल गया है। उनकी पूरी प्लेइंग इलेवन मैच-विनर्स से भरी है। यह एक शानदार बात है।"

पठान को लगता है कि अगर चोटिल जोश हेजलवुड टूर्नामेंट के लिए नहीं आते हैं, तो आरसीबी के पास मजबूत रिजर्व ऑप्शन हैं। उन्होंने कहा, "लेकिन आईपीएल 2026 में जाने से पहले, आरसीबी को कुछ चोटिल खिलाड़ियों को लेकर चिंता होगी, खासकर जोश हेजलवुड की फिटनेस को लेकर। अच्छी बात यह है कि उनके पास अच्छे बैकअप हैं। नुवान तुषारा और जैकब डफी की जोड़ी हेजलवुड की फिटनेस की दिक्कतों को अच्छी तरह से कवर कर सकती है। इससे आरसीबी और भी मजबूत हो जाती है।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,802
Messages
15,839
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top