IPL 2026 का महामुकाबला MI vs RCB! इरफान पठान की बड़ी भविष्यवाणी, स्टेडियम में पैर रखने की जगह नहीं मिलेगी

आईपीएल 2026: इरफान पठान को उम्मीद, हाउसफुल होगा एमआई बनाम आरसीबी मैच


नई दिल्ली, 12 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने शुरुआती 20 मुकाबलों में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत को सबसे बड़ा मैच बताया है, जो 12 अप्रैल को मुंबई में खेला जाना है।

आईपीएल का पहला फेज 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा। 19वें सीजन की शुरुआत आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच से होगी।

पठान ने 'जियोस्टार' पर कहा, "यह मुकाबला हाउसफुल होने वाला है। आप इन सुपरस्टार्स को देखना चाहेंगे। इस मैच में आपको बॉलिंग, बैटिंग और छक्के मारने की काबिलियत के मामले में जो क्वालिटी क्रिकेट देखने को मिलेगा, आपको इससे बड़ा मैच देखने को नहीं मिलेगा। यह समझ में भी आता है। रोहित शर्मा, पिछले दो वर्षों से जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, वो शानदार है।"

आरसीबी के अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली लगातार 19वें साल फ्रेंचाइजी के लिए खेलने वाले हैं। पठान को इसका इंतजार है कि भारत और बेंगलुरु के पूर्व कप्तान इस सीजन कैसी बैटिंग करते हैं।

पठान ने कहा, "मैं उनके स्टाइल और कार्यपद्धति का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। वे भी बहुत तरोताजा होंगे। रजत पाटीदार की फॉर्म डोमेस्टिक क्रिकेट में थोड़ी खराब रही है, लेकिन अब वह आईपीएल जीतने वाले कप्तान के तौर पर वापसी करेंगे। जितेश शर्मा को भारतीय टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन उससे पहले, उन्होंने भी कुछ अच्छी पारियां खेली थीं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने अच्छा प्रदर्शन किया। क्वालिटी क्रिकेट और वानखेड़े स्टेडियम के माहौल के हिसाब से मुझे लगता है कि यह पहले फेज का सबसे बड़ा गेम है।"

संजू सैमसन अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती मैच में पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। यह मुकाबला 30 मार्च को खेला जाना है। सैमसन को ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से येलो आर्मी में ट्रेड किया गया था, जबकि रवींद्र जडेजा और सैम कुरेन जयपुर-बेस्ड फ्रेंचाइजी में गए थे।

टी20 वर्ल्ड कप के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' संजू सैमसन को लेकर पठान ने कहा, "संजू सैमसन के होने से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बहुत फर्क पड़ेगा क्योंकि राजस्थान रॉयल्स को उनसे बेहतर कोई नहीं जानता। इस नजरिए से, आपको संजू से अंदर की जानकारी मिलेगी कि वह टीम कैसे खेलती है। ये टीम पावरप्ले, बीच के ओवरों में कैसी खेलती है, उनका माइंडसेट और यहां तक कि उनकी बॉलिंग कैसी है? राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी संजू के साथ और उनके नेतृत्व में खेले हैं, इसलिए वह सीएसके के लिए बहुत बड़ा फायदा होंगे। सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप से उनके फॉर्म के मामले में ही नहीं, बल्कि गुवाहाटी में खेलने का अनुभव भी पहले गेम में उनके काम आएगा। मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि सीएसके इस सीजन में कैसा प्रदर्शन करने वाली है क्योंकि उन्होंने कुछ बहुत ही रोमांचक युवा खिलाड़ी लाए हैं।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,833
Messages
15,870
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top