काशी विश्वनाथ मंदिर में ईंधन कमी भ्रामक! CEO विश्व भूषण मिश्रा बोले- श्रद्धालुओं को मिल रहा लगातार प्रसाद

काशी विश्वनाथ मंदिर में नहीं है ईंधन की कमी, श्रद्धालुओं को लगातार मिल रहा प्रसाद: विश्व भूषण मिश्रा


वाराणसी, 12 मार्च। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की तरफ से कहा गया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है। श्रद्धालुओं को गुरुवार को भी प्रसाद वितरित किया गया और किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि 11 मार्च को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में कार्य करने वाले एक कर्मचारी द्वारा मीडिया के समक्ष ईंधन की कमी से जुड़ा एक वक्तव्य दिया गया। यह स्पष्ट किया जाता है कि वह कर्मचारी केवल हमारे संगठन में एक सामान्य कार्यकर्ता है। उसका श्री काशी विश्वनाथ मंदिर अन्नक्षेत्र की ओर से कोई वेतन संबंध, आधिकारिक दायित्व या अधिकृत प्रतिनिधित्व नहीं है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एलपीजी की कमी के कारण अन्नक्षेत्र में समस्या उत्पन्न हो रही है तथा भक्तों के लिए प्रसाद की मात्रा कम की जा रही है। यह स्पष्ट रूप से बताया जाता है कि इस प्रकार का कोई भी कथन न तो उन्हें देने का अधिकार था और न ही उन्हें वास्तविक स्थिति की सही जानकारी थी। उनका यह वक्तव्य पूर्णतः असत्य और निराधार है। संभवतः उन्होंने यह बयान कैमरे के सामने बोलने के उत्साह या असावधानी में दिया है।

बयान में कहा गया कि रसोई व्यवस्था और अन्नक्षेत्र के संचालन के विषय में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पहले ही आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। सभी से विनम्र अनुरोध करते हैं कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के हास्यास्पद और असत्य वक्तव्यों के आधार पर अनावश्यक सनसनी या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न करें।

विश्व भूषण मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग अन्नक्षेत्र में ईंधन समस्या के कारण भोजन मेन्यू में कटौती की भ्रामक बात कर रहे हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि मंदिर न्यास के सभी अन्नक्षेत्र अभी पूर्ण क्षमता में क्रियाशील हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,838
Messages
15,875
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top