मध्य प्रदेश: कूनो नदी में CM मोहन यादव ने छोड़े 10 घड़ियाल-कछुए, जैव विविधता को मिली नई जान

मध्य प्रदेश: वन्यजीव संरक्षण का बड़ा कदम, सीएम मोहन यादव ने कूनो नदी में 10 घड़ियाल और कछुए छोड़े


श्योपुर, 1 मार्च। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में रविवार को वन्यजीव संरक्षण को लेकर अहम गतिविधियां देखने को मिली। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर के जरिए कूनो पहुंचे और यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

सीएम मोहन यादव ने कूनो नदी में 10 घड़ियाल और कछुओं को छोड़ा। यह पहल का उद्देश्य कूनो क्षेत्र की जैव विविधता को सुदृढ़ करना और नदी पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखना है।

कूनो नेशनल पार्क में बीते दो दिनों से वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 28 फरवरी को बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया था। इस अवसर पर केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने चीतों का स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को चीतों को रिलीज करना था, लेकिन मुख्यमंत्री का दौरा अचानक निरस्त हो गया। ऐसे में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने 9 में से 3 चीतों को क्वारींटिन बाड़े में रिलीज किया।

1 मार्च को अचानक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम तय हुआ और वे कूनो नेशनल पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने 10 घड़ियाल और कछुओं को कूनो नदी में छोड़कर वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही पार्क परिसर में वन्यजीव संरक्षण से जुड़ा विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और वन्यजीव विशेषज्ञों ने भाग लिया।

घड़ियाल और कछुए नदी पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण घटक माने जाते हैं। इनकी उपस्थिति से जलाशयों का प्राकृतिक संतुलन बना रहता है और जलीय जीवों की विविधता को बढ़ावा मिलता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे प्रयास न केवल लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि कूनो नेशनल पार्क को इको-टूरिज्म के रूप में भी नई पहचान दिला सकते हैं।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वन विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से तैयारियां की थीं। कूनो नदी के किनारे पुलिस बल की तैनाती की गई थी और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,932
Messages
11,969
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top