खराब फॉर्म से जूझ रहे बटलर पर ब्रूक चिंतित नहीं, बोले- व्हाइट-बॉल क्रिकेट का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी

टी20 विश्व कप: जोस बटलर की खराब फॉर्म से चिंतित नहीं कप्तान हैरी ब्रूक, व्हाइट-बॉल क्रिकेट का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बताया


नई दिल्ली, 28 फरवरी। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर के लिए टी20 विश्व कप 2026 बेहद निराशाजनक रहा है। बटलर ने नेपाल और वेस्टइंडीज के खिलाफ 26 और 21 रन की पारियों से टूर्नामेंट की शुरुआत तो ठीक की, लेकिन उसके बाद उनका बल्ला खामोश हो गया। वह अब तक खेली 7 पारियों में महज 62 रन बना पाए हैं।

बटलर लगातार पांच बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं। पिछले पांच मुकाबलों—स्कॉटलैंड, इटली, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ—बटलर ने 3, 3, 7, 2 और 0 के स्कोर बनाए हैं। यह आंकड़े उनकी मौजूदा फॉर्म की कहानी खुद बयां करते हैं। आईसीसी इवेंट्स में बटलर लंबे समय से फ्लॉप रहे हैं। उनकी आखिरी बड़ी पारी 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ नाबाद 83 रन की थी।

बटलर की खराब फॉर्म इंग्लैंड के लिए सेमीफाइनल से पहले सबसे बड़ी चिंता है, लेकिन टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने इससे इनकार किया है।

हैरी ब्रूक ने कहा, "बटलर जैसे खिलाड़ी पर सवाल उठाने से पहले उनके पिछले योगदान को याद रखना चाहिए। वह अब तक के सबसे बेहतरीन व्हाइट-बॉल खिलाड़ी हैं। हर खिलाड़ी के करियर में खराब दौर आता है। वह जल्द ही लय में लौटेंगे।"

खराब फॉर्म के बावजूद ब्रूक ने बटलर के सेमीफाइनल में होने वाले मुकाबले में खेलने के संकेत दिए। सेमीफाइनल में इंग्लैंड अनुभवी बटलर से बड़ी पारी की उम्मीद करेगी।

बटलर का टी20 रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। 154 टी20 मुकाबलों में 33.71 की औसत और 147.77 की स्ट्राइक रेट से वह 4,012 रन बना चुके हैं। इस दौरान 1 शतक और 28 अर्धशतक भी उनके बल्ले से निकले हैं। वह इस फॉर्मेट के सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं। यही वजह है कि इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट बटलर पर भरोसा बरकरार रखे हुए है। बटलर अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को टी20 विश्व कप 2022 का खिताब दिला चुके हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,422
Messages
11,459
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top