मोहन भागवत के बयान पर भाजपा का खुला समर्थन: 'भारत में सभी मुस्लिम हिंदू', बोले- घर वापसी का भव्य स्वागत

भाजपा नेताओं ने मुस्लिमों पर दिए मोहन भागवत के बयान का किया समर्थन, बोले-घर वापसी करने वालों का होगा स्वागत


लखनऊ, 18 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के बयान 'भारत में रहने वाले सभी मुस्लिम भी हिंदू हैं' का भाजपा नेताओं ने समर्थन किया है। उनका कहना है कि हिंदू धर्म भारत का सबसे प्राचीन धर्म है।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि हिंदू धर्म भारत का सबसे प्राचीन धर्म है और यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से ‘घर वापसी’ करना चाहता है तो उसका स्वागत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा देश और दुनिया भारत की सांस्कृतिक विरासत को जानती है और भागवत का बयान समाज और राष्ट्रहित में है।

नरेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेताओं को “एसआईआर फोबिया” हो गया है और वे वास्तविक मुद्दों से भटक गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव के बाद अखिलेश यादव दिग्भ्रमित हो गए हैं और लगातार अनर्गल बयान दे रहे हैं।

लोनी (गाजियाबाद) से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। पहले भाजपा के वोट कटने की बात कही गई, फिर चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए गए। गुर्जर ने कहा कि हार की हताशा में समाजवादी पार्टी कभी चुनाव आयोग तो कभी न्यायपालिका पर सवाल खड़े कर रही है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज से प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं और सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

एआई इम्पैक्ट समिट पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर प्रश्नचिह्न लगाकर स्वयं ही कठघरे में खड़ी हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि आज भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है और दुनिया भारत को संभावित ग्लोबल हब के रूप में देख रही है।

मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे स्वयं संघ के एक विनम्र कार्यकर्ता हैं और सरसंघचालक द्वारा कही गई बात राष्ट्रहित में होती है।

भाजपा विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कोचिंग और शैक्षिक सहायता कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और युवा रोजगार के योग्य बन रहे हैं।

भाजपा विधायक मनोज पांडे ने भी कहा कि भारत की संस्कृति और इतिहास से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए तथा यदि अतीत को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है तो उसे सुधारना समय की मांग है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मंगलवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले सभी मुस्लिम भी हिंदू हैं। उनका मतलब था कि वे इस देश की मिट्टी से जुड़े हैं और अरब देशों से नहीं आए हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,025
Messages
8,057
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top