मोहन भागवत बोले: 'शतक' सिर्फ फिल्म नहीं, डॉ. हेडगेवार की वैचारिक और प्रेरणादायक यात्रा का जीवंत चित्रण

फिल्म 'शतक' डॉ. हेडगेवार की प्रेरणादायक यात्रा को जीवंत करती है: मोहन भागवत


नई दिल्ली, 17 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बन रही फिल्म 'शतक' को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। नई दिल्ली के केशव कुंज में आयोजित एक कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भगवत ने फिल्म पर अपने विचार साझा करते हुए इसे महज एक सिनेमाई कृति नहीं, बल्कि एक वैचारिक यात्रा का जीवंत चित्रण बताया।

डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के संगठन और सामाजिक जागृति के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की अटूट भावना का प्रतीक है।

उन्होंने आगे कहा कि फिल्म 'शतक' के माध्यम से डॉ. हेडगेवार के जीवन के कई प्रेरणादायक प्रसंगों को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। विशेष रूप से, फिल्म के एक गीत में उनके बचपन की एक मार्मिक घटना को खूबसूरती से दर्शाया गया है, जिसने उनके चरित्र को शक्ति और दृढ़ संकल्प से भर दिया।

उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्माताओं और सहयोगियों को बधाई और धन्यवाद भी दिया। आरएसएस के 100 साल के सफर को समर्पित 'शतक' 20 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोगों से यह फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए लोगों को सच्चाई समझने का अवसर मिलेगा।

'शतक द फिल्म' नाम के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी एक वीडियो संदेश में नितिन गडकरी ने आम लोगों से इस फिल्म को देखने की अपील की है। उन्होंने कहा, ''एक स्वयंसेवक के रूप में मैंने यह महसूस किया है कि संघ को लेकर समाज में कई तरह की धारणाएं बनाई गईं, जो जमीन पर किए गए काम से मेल नहीं खातीं। संघ का वास्तविक स्वरूप त्याग, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण से जुड़ा हुआ है, लेकिन इसे अक्सर गलत नजरिए से देखा गया।''

गडकरी ने कहा, ''संघ की विचारधारा को समझने के लिए उसके काम को समझना जरूरी है। आदिवासी इलाकों में सेवा कार्य, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, सहकारी संस्थाओं की मजबूती और सामाजिक जागरूकता जैसे कई काम ऐसे हैं, जिनमें संघ के लाखों स्वयंसेवकों ने बिना किसी स्वार्थ के योगदान दिया है। यही वो सच्चाई है, जिसे आम लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।''
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,931
Messages
7,963
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top