नई दिल्ली, 17 फरवरी। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट और एक्सपो 2026 में मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने एआई क्षेत्र में भारत की ताकत पर गर्व जताया।
अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के आयोजन पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मैं यहां आकर बहुत खुश हूं। मैं जल्द ही एक सेशन में जाऊंगी और आप सभी के साथ वापस आऊंगी। मैं एआई समिट के लिए एक भारतीय होने के नाते बहुत ही गर्व महसूस कर रही हूं।"
भूमि ने इस समिट को भारत की तकनीकी प्रगति का एक बड़ा मंच बताया और कहा कि एआई का सही उपयोग समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकता है। वे समिट में एआई के सामाजिक प्रभाव और जिम्मेदार इस्तेमाल पर चर्चा करने के लिए शामिल हुईं।
समिट में कर्नाटक डिजिटल इकोनॉमी मिशन के सीईओ संजीव कुमार गुप्ता ने भी एआई की क्षमता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एआई इम्पैक्ट समिट एआई में भारत की काबिलियत की असली ताकत दिखा रहा है और जाहिर है, कर्नाटक राज्य यहां भी एआई की काबिलियत दिखाने में एक लीडिंग राज्य के तौर पर आता है।"
उन्होंने बताया, "हम यहां तीन अलग-अलग चीजों का ध्यान रखने आए हैं। पहला, ई-गवर्नेंस में एआई कैसे अपनी सार्थक भूमिका निभा सकता है, जिसके लिए कई सारे कदम उठाए जा रहे हैं। दूसरा स्टार्टअप का क्षेत्र है, जिसमें एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन में एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं, तीसरा कदम एआई का पूरा इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसके लिए कई देशों के डेलिगेशन आ रहे हैं। कई सारी मीटिंग्स हो रही हैं।"
समिट में कर्नाटक ने अपनी एआई पहलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया है। बेंगलुरु को भारत का एआई हब कहे जाने के कारण राज्य ने ई-गवर्नेंस, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर और स्टार्टअप इकोसिस्टम में एआई के उपयोग के कई प्रोजेक्ट दिखाए हैं। संजीव गुप्ता ने बताया कि कर्नाटक एआई स्किल डेवलपमेंट, एथिकल एआई गाइडलाइंस और ग्लोबल पार्टनरशिप पर फोकस कर रहा है।
समिट में 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 300 से अधिक प्रदर्शक और वैश्विक एआई लीडर्स शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित इस आयोजन में एआई को मानवता, समावेशी विकास और सस्टेनेबल फ्यूचर के लिए आकार देने पर जोर दिया जा रहा है।