महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों को राहत! हरियाणा के डाकघरों से अब मात्र 30 रु में पाएं पवित्र गंगाजल

हरियाणा: महाशिवरात्रि से पहले खास पहल, अंबाला के डाकघर में सुलभ हुआ 30 रुपए में गंगाजल


अंबाला, 13 फरवरी। हरियाणा के डाकघरों ने आस्था को सहज और सुलभ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। अब श्रद्धालुओं को गंगाजल लाने के लिए हरिद्वार या अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अंबाला समेत प्रदेश के विभिन्न डाकघरों में शुद्ध गंगाजल मात्र 30 रुपए में उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लोग अपने घर पर ही धार्मिक अनुष्ठानों में इसका उपयोग कर सकें। खासतौर पर महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए यह सुविधा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।

डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक गंगाजल पहुंचाना है, जो किसी कारणवश तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। सुरक्षित और सीलबंद पैकेजिंग में उपलब्ध कराया जा रहा गंगाजल डाकघरों से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

महाशिवरात्रि से पहले शुरू की गई इस सुविधा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु डाकघरों पर पहुंचकर गंगाजल खरीद रहे हैं।

डाकघर प्रवर अधीक्षक विजय कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर अनेक श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान को अर्पित करते हैं, लेकिन जो लोग किसी कारणवश वहां नहीं जा पाते, उनके लिए डाक विभाग ने यह व्यवस्था की है।

उन्होंने बताया कि 30 रुपए में छोटी बोतल उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें बोतल और परिवहन का शुल्क शामिल है, गंगाजल का कोई मूल्य नहीं लिया जा रहा। यह सुविधा अंबाला और आसपास के डाकघरों में उपलब्ध है।

गंगाजल लेने आए ग्राहक बृजमोहन ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर डाकघर की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। जो लोग हरिद्वार नहीं जा सकते, वे यहां से शुद्ध गंगाजल लेकर पूजा-अर्चना में उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी कीमत भी काफी कम रखी गई है, जिससे हर वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकते हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top