'बेटे काजू की चीखें सुनी तो मेरा दिल टूट गया', वैक्सीन लगवाते ही भारती सिंह की आंखों में आए आंसू

बेटे काजू को दर्द से कराहता देख डॉक्टर के सामने रोने लगी भारती सिंह, कहा- 'मेरे लिए ये सबसे मुश्किल घड़ी'


मुंबई, 13 फरवरी। मशहूर कमीडियन भारती सिंह ने हाल ही में दूसरे बेटे के लिए नामकरण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हुईं। इस बीच उनका एक व्लॉग इंटरनेट पर काफी देखा जा रहा है, जिसमें कमीडियन अपने दूसरे बेटे को वैक्सीन लगवा रही हैं और नवजात के दर्द को महसूस कर रो रही हैं।

भारती ने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए बताया कि वह अपने छोटे बेटे काजू, जिसका असली नाम यशवीर है, को जन्म के बाद पहली बार वैक्सीनेशन के लिए ले जा रही हैं। काजू सिर्फ दो महीने का है और उसे दोनों पैरों में इंजेक्शन लगाए गए।

वैक्सीन लगते ही जैसे ही काजू रोने लगता है, तो एक मां के तौर पर भारती की आंखों से आंसू निकलने लगते हैं। वह अपने बच्चे को दर्द में देख कुछ ही दूरी पर खड़ी होकर रोने लगती है।

इस पर भारती कहती है कि यह मेरे लिए बेहद मुश्किल घड़ी है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चे को दर्द में देखना किसी भी मां के लिए सबसे तकलीफ भरा पल होता है और मैं खुद को संभाल नहीं पाईं।

इस दौरान भारती के पति और राइटर-एंकर हर्ष लिम्बाचिया पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े नजर आए। वैक्सीन लगने के समय हर्ष ने बच्चे को पूरी तरह संभाला, ताकि प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हो सके।

भारती इससे पहले अपने व्लॉग्स में बता चुकी हैं कि दूसरे बेटे के जन्म के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा था कि अब उनकी दिनचर्या पूरी तरह काजू के आसपास घूमती है। उनका लगभग पूरा समय और ध्यान अपने नवजात बेटे पर रहता है। एक मां के रूप में वह हर छोटे-बड़े पल को खुलकर जीना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि इस पूरे सफर में उनके पति हर्ष उनका सबसे बड़ा सहारा हैं। हर्ष बड़े बेटे गोला का खास ध्यान रखते हैं, ताकि काजू के आने के बाद उसे यह महसूस न हो कि वह अकेला या अनदेखा हो गया है। भारती ने माना कि दो बच्चों को संभालना आसान नहीं होता, लेकिन हर्ष की वजह से यह सफर थोड़ा आसान हो जाता है।

गौरतलब है कि भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया की शादी साल 2017 में हुई थी। कुछ सालों की डेटिंग के बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया। पिछले साल यानी 19 दिसंबर 2025 को कपल ने अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया था। प्यार से उन्होंने उसका नाम काजू रखा, जबकि असली नाम यशवीर है। इससे पहले दोनों 2022 में अपने पहले बेटे लक्ष्य सिंह लिम्बाचिया के माता-पिता बने थे, जिसे घर में सब प्यार से गोला कहते हैं।

खास बात यह भी है कि दूसरे बेटे के जन्म के सिर्फ दो हफ्ते बाद ही भारती दोबारा काम पर लौट आई थीं। वह इन दिनों कॉमेडी रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ फन अनलिमिटेड' के तीसरे सीजन में बतौर होस्ट नजर आ रही हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
6,564
Messages
6,596
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top