पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का हंगामा, पटना में नीतीश कुमार का पुतला फूंका, न्याय की हुंकार

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, सीएम का पुतला फूंका


पटना, 8 फरवरी। पटना के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा की मौत के मामले में दोषियों के अब तक गिरफ्तार नहीं होने तथा न्याय के लिए आवाज उठाने वाले सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ बिहार कांग्रेस के नेता रविवार को सड़क पर उतरे।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्यद्वार पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस मौके पर राज्य की सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य में बैठी संघी मानसिकता से पोषित सरकार के द्वारा बिहार की बेटियों के साथ किए जा रहे अन्याय और अत्याचार को सहन नहीं किया जाएगा। बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की हर लड़ाई का नेतृत्व कांग्रेस ने किया है और आगे भी करती रहेगी।

नेताओं ने कहा कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव लगातार छात्रा मौत मामले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य की सरकार पर हमलावर हैं। उनकी गिरफ्तारी निंदनीय है। उनकी गिरफ्तारी राज्य की निकम्मी सरकार द्वारा मौत के मामले को दबाने के लिए की गई है। कांग्रेस के नेताओं ने बिहार की एनडीए सरकार को निरंकुश बताते हुए कहा कि हम मांग करते हैं कि छात्रा और उसके परिवार को अविलंब न्याय मिले। नाहक राज्य की एनडीए सरकार सांसद के संवैधानिक अधिकारों को अपने पुलिस के जोर से दबाने का कुत्सित प्रयास न करे।

विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मृत छात्रा के परिवार के साथ न्याय मिलने तक खड़े रहने की बात दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक सीटिंग सांसद को आधी रात गिरफ्तार कर लोकतंत्र पर सीधा हमला किया गया है और यह सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है और सरकार से मांग करती है कि तत्काल इस राजनीतिक प्रतिशोध को बंद किया जाए।

विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया कॉर्डिनेटर संजीव सिंह, रौशन कुमार सिंह, कुमार आशीष, पंकज यादव, असितनाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
4,990
Messages
5,022
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top