इंदौर: व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में हरियाणा ने मध्यप्रदेश को हराया

इंदौर: व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में हरियाणा ने मध्यप्रदेश को हराया


इंदौर, 8 फरवरी। इंदौर में व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन 3 फरवरी से 8 फरवरी तक हुआ। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की पुरुष और महिला टीम शामिल रही। पुरुष वर्ग में कर्नाटक, पंजाब और हरियाणा की टीमें भी टूर्नामेंट का हिस्सा बनीं। महिला वर्ग में मध्यप्रदेश और कर्नाटक की टीमों ने हिस्सा लिया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की पुरुष टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। हरियाणा की टीम ने अनुभव और बेहतर रणनीति के दम पर जीत हासिल की।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया। खिलाड़ियों का कहना है कि बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग मिलने से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ी बलराम ने कहा, "मैं हरियाणा टीम का कप्तान हूं। मैच बेहद शानदार रहा। हम 63 रन से मैच जीते हैं।"

जिला खेल अधिकारी इंदौर रीना चौहान ने आईएएनएस से कहा, "व्हीलचेयर एसोसिएशन द्वारा व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बहुत ही अच्छी व्यवस्था है। इसके आयोजन में जिलाधिकारी का बहुत सहयोग रहा। उन्होंने 2 लाख रुपये मुहैया कराए जिससे हमने खिलाड़ियों के रहने और खाने की व्यवस्था की।"

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में खिलाड़ियों की हरसंभव मदद की जाएगी। यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि आत्मविश्वास, समानता और खेल भावना का भी सशक्त उदाहरण बना।

व्हीलचेयर डिसेबल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शहजाद अली ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "2020 से लगातार हर स्तर पर हम टूर्नामेंट का आयोजन कर रहे हैं। यह पांचवां आयोजन है। पहली बार महिलाओं के लिए व्हीलचेयर क्रिकेट का आयोजन हुआ। मध्यप्रदेश के अलावा कर्नाटक की महिला टीम ने भाग लिया। क्रिकेट के सभी फॉर्मेट का आयोजन हुआ। त्रिकोणीय सीरीज का भी आयोजन हुआ।"

दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट देखने आए दर्शक युवराज तिवारी का कहना है कि ये अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और मुझे इन्हें खेलते देखना अच्छा लग रहा है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top