अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 175 रन बनाकर बने भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद: CM नीतीश

अपनी मेहनत और प्रतिभा से भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बने वैभव सूर्यवंशी: सीएम नीतीश कुमार


पटना, 6 फरवरी। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को 412 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी।

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में शुक्रवार को भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं।

उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामना है कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रोशन करें।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पोस्ट कर कहा कि पटना स्थित 1 अणे मार्ग के संकल्प सभागार में प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप-2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी को चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

बता दें कि हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने 20 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) का विकेट गंवा दिया। यहां से वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों में 142 रन जुटाते हुए टीम को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

म्हात्रे 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ महज 39 गेंदों में 89 रन की साझेदारी करते हुए भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। वैभव 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन बनाकर आउट हुए। यहां से वेदांत ने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।

भारतीय टीम 308 रन तक अपने 5 विकेट खो चुकी थी। यहां से अभिज्ञान कुंडू ने आरएस अम्ब्रीश के साथ 51 रन की साझेदारी की। अभिज्ञान कुंडू 31 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अम्ब्रीश ने 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाकर भारत के स्कोर को 411/9 तक पहुंचा दिया।

इंग्लिश खेमे से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए। एक विकेट मैनी लम्सडेन के नाम रहा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,712
Messages
16,749
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top