रोहित शेट्टी पर फायरिंग: बॉलीवुड में खौफ, गैंगस्टर शुभम लोनकर ने 5 बड़े सितारों को दी रंगदारी की धमकी

रोहित शेट्टी फायरिंग से फैला बॉलीवुड में खौफ, शुभम लोनकर ने पांच बड़ी हस्तियों को दी धमकी


मुंबई, 5 फरवरी। मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर डर और दहशत के साए में है। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी और फरार अपराधी शुभम लोनकर का नाम सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच बड़ी हस्तियों को निशाने पर लिया है और उनसे रंगदारी वसूलने के लिए धमकी भरे कॉल किए गए हैं।

हालांकि, डर के माहौल के चलते अभी तक किसी भी फिल्मी हस्ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दरअसल, पिछले रविवार को मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर फायरिंग की गई थी। मामले में मास्टरमाइंड के तौर पर शुभम लोनकर का नाम सामने आया। इस घटना ने पूरे फिल्म जगत को हिला कर रख दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे फोन कॉल आए हैं, लेकिन किसी ने भी सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में पुलिस के लिए खुद से कार्रवाई करना बेहद मुश्किल है।

इस बीच, शुभम लोनकर की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी पुलिस के हाथ लगी है। इस पोस्ट में उसने खुले तौर पर रोहित शेट्टी को धमकी दी थी। पोस्ट में लोनकर ने लिखा, ''राम-राम, जय बजरंग बली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज कर हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन वह नहीं समझे। यह तो सिर्फ 'ट्रेलर' था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी। यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी है, वक्त रहते सुधर जाओ।''

हालांकि, खुद रोहित शेट्टी ने पुलिस को बताया है कि उन्हें किसी भी तरह का धमकी भरा कॉल या मैसेज नहीं मिला है। क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के अलग-अलग हिस्सों में शूटर की तलाश कर रही हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top