कर्नाटक: मां के साथ भागने की 10 साल पुरानी रंजिश का खूनी बदला, बेलगावी में युवक पर 16 वार

कर्नाटक: बेलगावी में दस साल पुरानी रंजिश में व्‍यक्ति की हत्या


बेलगावी, 3 फरवरी। कर्नाटक के बेलगावी जिले के सौंदत्ती तालुक के अंतर्गत आने वाले हुलिकट्टी गांव के पास दस साल पुरानी निजी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने पीड़ित पर धारदार हथियार से 16 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात की है, जब आरोपी इरैया ने बसप्पा नामक व्यक्ति को रास्ते में रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के शव पर पैर रखकर तस्वीरें भी खिंचवाईं और पुलिस के मौके पर पहुंचने तक वहीं मौजूद रहा।

पुलिस ने बताया कि यह हत्या वर्ष 2015 से चली आ रही पुरानी दुश्मनी का नतीजा थी। उस समय बसप्पा कथित तौर पर इरैया की मां के साथ भाग गया था और फिर कभी गांव वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय इरैया नाबालिग था और अपनी मां के चले जाने से वह गहरे सदमे में था। उसने इस पूरे घटनाक्रम के लिए बसप्पा को जिम्मेदार ठहराया और तभी से उसके मन में बदले की भावना पनपती रही।

पुलिस के मुताबिक, इरैया पिछले कई वर्षों से बसप्पा और अपनी मां की तलाश कर रहा था। चार दिन पहले बसप्पा कथित तौर पर इलाके में लौटा था और बसदोनी गांव में घर बनाने के लिए रुका हुआ था। उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलते ही इरैया हुलिकट्टी गांव के पास उसका इंतजार करने लगा।

सोमवार रात जब बसप्पा अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, तो इरैया ने उसे रोक लिया और धारदार हथियार से लगातार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बसप्पा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया गया।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (बीआईएमएस) भेज दिया गया है। इस मामले में सौंदत्ती पुलिस थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इसी बीच, 2 फरवरी को कर्नाटक के दावणगेरे जिले से एक अन्य घटना सामने आई, जहां पुलिस ने एक हाल ही में विवाहित महिला और उसके प्रेमी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के भाग जाने और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर महिला के पति ने आत्महत्या कर ली।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,630
Messages
16,667
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top