मुंबई, 14 मार्च। साल 2006 से 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' से शुरू हुई हंसी की यात्रा अब 20 साल का सफर पूरा कर चुकी है और फिल्म का पांचवां सीक्वल दस्तक देने के लिए तैयार है।
हालांकि इस बार गोलमाल में एक नहीं बल्कि दो नए चेहरे दिखने वाले हैं और उनके लुक भी रिवील हो गए हैं। ऐसे में फैंस का एक्साइटमेंट लेवल सातवें आसमान पर है।
'गोलमाल-5' बाकी चार सीक्वल से अलग और शानदार होने वाली है क्योंकि इस बार सिर्फ अजय देवगन ही नहीं बल्कि अक्षय कुमार भी कॉमेडी का तड़का लगाने के लिए तैयार हैं। अभिनेता का फिल्म से लुक भी रिवील हो चुका है, जिसमें वो हाउसफुल-4 के 'बाला' की तरह दिख रहे हैं। हालांकि यह बाला किसी राजसी परिवार का हिस्सा नहीं बल्कि विलेन लग रहा है। शरमन जोशी भी फिल्म में वापसी कर रहे हैं। शरमन को फिल्म के पहले सीक्वल में देखा गया था, जिसके बाद अब वह पाचंवे सीक्वल में दिखने वाले हैं।
'गोलमाल-5' की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है, जिसमें 'कुणाल खेमू', 'अक्षय कुमार', 'अरशद वारसी', 'तुषार कपूर', 'अजय देवगन', और 'श्रेयस तलपड़े' मस्ती करते दिख रहे हैं। इस बार रोहित शेट्टी ने बॉलीवुड के सभी बड़े स्टार्स को एक ही छत के नीचे लाकर खड़ा कर दिया है। साथ ही, फिल्म के लीड किरदार में किन अभिनेत्रियों को साइन किया गया है, इस पर अभी सस्पेंस है।
अभिनेता कुणाल खेमू ने फिल्म की शूटिंग की जानकारी देते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें रोहित शेट्टी सभी को सीन समझा रहे हैं और दो बाइक को आपस में जोड़कर अजय देवगन की ग्रैंड एंट्री की तैयारी कर रहे हैं। बीटीएस वीडियो में ही सभी स्टार्स की जबरदस्त मस्ती देखने को मिल रही है। इससे अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि फिल्म को देखकर इस बार दर्शक पेट पकड़कर हंसने को मजबूर होने वाले हैं।
गोलमाल-5 को देखने के लिए फैंस को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि माना जा रहा है कि फिल्म अगले साल यानी 2027 में फ्लोर पर आएगी। हालांकि, हंसी का डोज कम नहीं है क्योंकि अक्षय कुमार की भूत बंगला 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है, जिसमें कॉमेडी व हॉरर कूट-कूटकर भरा है।