वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे सूर्यकुमार यादव, बप्पा से लिया आशीर्वाद

वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे सूर्यकुमार यादव, बप्पा से लिया आशीर्वाद


मुंबई, 14 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर शनिवार को ट्रॉफी के साथ सिद्धिविनायक मंदिर गणपति बप्पा के दर्शन को पहुंचे।

इससे पहले, टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव हेड कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ हनुमान मंदिर आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बना। भारत टी20 वर्ल्ड कप खिताब का बचाव करने वाला पहला देश भी है।

8 मार्च को अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए थे। खिताबी मैच में टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन बनाए। उनके अलावा, ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन टीम के खाते में जोड़े।

इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई। कीवी टीम से टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया था।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की शुरुआत शानदार रही थी। टीम इंडिया ने यूएसए को 29 से मात देने के बाद नामीबिया के खिलाफ 93 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद हाईवोल्टेज मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराने के बाद नीदरलैंड के विरुद्ध 17 रन से जीत हासिल की।

ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतने के बाद भारत को सुपर-8 के अपने पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 76 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रन और वेस्टइंडीज को 5 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां इंग्लैंड को 7 रन से हराकर खिताबी मैच में जगह बनाई।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,569
Messages
16,606
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top