आंध्र प्रदेश में 'ऑपरेशन व्हाइट हैमर' का कमाल, 47 करोड़ की अवैध अल्प्राजोलम फैक्ट्री का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

आंध्र प्रदेश में अवैध अल्प्राजोलम फैक्ट्री का भंडाफोड़, ड्रग्स और भारी मात्रा में केमिकल के साथ दो गिरफ्तार


अमरावती, 13 मार्च। आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक गुप्त फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ऑपरेशन व्हाइट हैमर नाम से चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने 237 किलो अल्प्राजोलम जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई 11 और 12 मार्च 2026 को आंध्र प्रदेश के कोंडापल्ली इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एरिया, जिला एनटीआर में की गई। खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस सुनियोजित कार्रवाई में अधिकारियों ने एक ऐसी औद्योगिक इकाई का पर्दाफाश किया जो केमिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आड़ में प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक ड्रग अल्प्राजोलम का अवैध उत्पादन कर रही थी।

डीआरआई की टीम द्वारा परिसर की तलाशी लेने पर 237 किलो अल्प्राजोलम के अलावा 800 किलोग्राम से अधिक प्रमुख कच्चा माल, 2860 लीटर विभिन्न प्रकार के रसायन और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले औद्योगिक उपकरण बरामद किए गए। जब्त उपकरणों में रिएक्टर, ड्रायर और सेंट्रीफ्यूज जैसी मशीनें शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार का संचालन एक ऐसे केमिस्ट द्वारा किया जा रहा था, जिसे रासायनिक और फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उसने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर यह पूरा नेटवर्क खड़ा किया था। आरोपी का सहयोगी हैदराबाद में कच्चे माल की व्यवस्था करने और तैयार ड्रग्स के वितरण का काम संभालता था। दोनों आरोपियों ने अवैध तरीके से अल्प्राजोलम बनाने के लिए फैक्ट्री परिसर को किराए पर लिया हुआ था। डीआरआई ने इस मामले में दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के दौरान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में DRI अब तक आठ गुप्त ड्रग निर्माण इकाइयों को ध्वस्त कर चुका है। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत की जा रही व्यापक मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज को मादक पदार्थों और साइकोट्रोपिक ड्रग्स के खतरे से सुरक्षित रखना है। डीआरआई ने यह स्पष्ट किया है कि देश में ड्रग्स के अवैध निर्माण और तस्करी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,283
Messages
16,320
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top