ग्रेटर नोएडा: बंद घरों में रैकी कर सेंधमारी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 10 लाख की ज्वैलरी-हथियार बरामद

ग्रेटर नोएडा: बंद घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की ज्वैलरी व हथियार बरामद


ग्रेटर नोएडा, 13 मार्च। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने रैकी कर बंद पड़े मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े दस लाख रुपये की ज्वैलरी, एक लैपटॉप, दो कलाई घड़ियां, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नट मढैय्या गोल चक्कर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश पुत्र लायक सिंह और बलराज पुत्र रामपाल के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं और पहले इलाके में रैकी करते थे। इसके बाद वे ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे जो लंबे समय से बंद पड़े होते थे। आरोपी मकान की खिड़की या दरवाजा काटकर अंदर घुसते और घर में रखे कीमती सामान और ज्वैलरी चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद वे सामान को छिपाकर रखते और मौका मिलने पर बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 28 फरवरी 2026 की रात थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर-36 में एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने मकान की खिड़की काटकर घर में प्रवेश किया और वहां से कीमती सामान व ज्वैलरी चोरी कर ली। इसके बाद वे वैगन आर कार से मौके से फरार हो गए। चोरी के बाद उन्होंने पैसे आपस में बांट लिए और बाकी सामान साइट-4 इलाके में छिपा दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में गले का हार, चार अंगूठियां, तीन कान के टॉप्स, दो कुंडल, एक पिन, एक माला, 26 बिछिया, बच्चों के चार कड़े, दो चैन, 21 जोड़ी पायल, चार बर्तन, सफेद धातु के चार मोती और दो कलाई घड़ियां शामिल हैं।

इसके अलावा, एक लैपटॉप और उसका चार्जर भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार और एक अवैध .315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस मामले में थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज है, जबकि अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,332
Messages
16,369
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top