नई दिल्ली, 13 मार्च। भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से बंगाल में भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' शुरू हुई है, टीएमसी बेचैन है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने पीएम मोदी की बंगाल में होने वाली रैली को लेकर कहा कि शनिवार को पीएम मोदी कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में एक विशाल रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में 'परिवर्तन यात्रा' को मिली प्रतिक्रिया ने टीएमसी को बेचैन कर दिया है। उनकी रातों की नींद हराम हो चुकी है।
भाजपा नेता ने कहा कि सात दिनों में टीएमसी ने जो हरकत की है, वह शर्मनाक है। पहले राष्ट्रपति मुर्मु का अपमान, फिर ममता बनर्जी एक सभा में कहती हैं कि अगर मैं नहीं रहूंगी तो हिंदू समाज की रक्षा कौन करेगा। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा कहती हैं कि 'जो टीएमसी को वोट नहीं करता है, वह सच्चा बंगाली नहीं है।' इस प्रकार की बात करके वे अपनी बैचेनी दिखा रही हैं। अब चुनाव आयुक्त को हटाने का प्रस्ताव ला रहे हैं। ममता बनर्जी इसे लाकर क्या साबित करना चाहती हैं?
मुझे लगता है कि चुनाव के पहले ही ममता बनर्जी ने हार स्वीकार कर ली है। सुनने में आ रहा है कि टीएमसी के सांसद लगातार राष्ट्रपति से मुलाकात करने का अनुरोध कर रहे हैं ताकि वे बता सकें कि उन्होंने बंगाल में आदिवासियों के लिए क्या किया है। जिस तरह से ममता बनर्जी ने आदिवासी समाज से आने वाली एक महिला राष्ट्रपति का अपमान किया, सारे प्रोटोकॉल तोड़े, उसके बाद अफसोस, यह सिर्फ उन्हें नाटक करने को मजबूर कर रहा है। टीएमसी की हार प्रत्यक्ष रूप से नजर आ रही है। मुझे लगता है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही ममता बनर्जी को सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
गैस संकट पर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पूरी ने साफ कर दिया है कि पिछले पांच दिनों में गैस उत्पादन में 28 फीसदी वृद्धि हुई है। भारत में ऐसा कोई राज्य नहीं जहां गैस सप्लाई को लेकर दिक्कत हो। उपभोक्ताओं में चिंता है जिसकी वजह से लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन कहीं पर भी सप्लाई की कोई समस्या नहीं है। सिलेंडर मिलने में लोगों को थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन एक से दो दिनों में यह विलंब भी दूर हो जाएगा। इसके बाद भी विपक्ष इस बात पर अड़ी हुई है कि गैस सिलेंडर नहीं है, यह सिर्फ अफवाह है। सपा नेता अब्दुल रहमान के यहां से 50 ब्लैक मार्केटिंग की हुई सिलेंडर मिले हैं। ऐसे समय में अफवाह फैलाना और ब्लैक मार्केटिंग करना बहुत बड़ा अपराध है।विपक्ष को ऐसी हरकत से बचना चाहिए।