अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ फिर जमी जोड़ी, राजपाल यादव बोले- 'इस बार कुछ अलग होने वाला है'

अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ फिर जमी जोड़ी, राजपाल यादव बोले- 'इस बार कुछ अलग होने वाला है'


मुंबई, 13 मार्च। बॉलीवुड में कॉमेडी फिल्मों की अपनी एक खास जगह रही है और कई कलाकारों ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता है। उन्हीं कलाकारों में से एक हैं राजपाल यादव, जिन्होंने कई यादगार किरदार निभाए हैं। इन दिनों वह अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच राजपाल यादव ने आईएएनएस से फिल्म के बारे में बात की और बताया कि इस बार दर्शकों को कुछ अलग देखने को मिलेगा।

आईएएनएस से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा, '''भूत बंगला' में अलग-अलग तरह की कॉमेडी को एक साथ जोड़ा गया है। इसमें गलतफहमियों और उलझनों के कारण कई हास्यास्पद स्थितियां बनती हैं। इस फिल्म में पुराने दौर की पारंपरिक कॉमेडी की झलक भी मिलेगी, लेकिन उसे आज के समय की लोकप्रिय हॉरर-कॉमेडी शैली के साथ मिलाकर पेश किया गया है। दर्शकों को इस फिल्म में एक ताजगी भरा अनुभव मिलेगा, क्योंकि इसमें डर और हंसी दोनों का संतुलित मिश्रण है।''

फिल्म में अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ काम करने के अनुभव के बारे में राजपाल यादव ने कहा, ''इन दोनों कलाकारों के साथ मेरा पुराना रिश्ता रहा है और मैंने पहले भी कई कॉमेडी फिल्मों में उनके साथ काम किया है। इसी वजह से शूटिंग के दौरान हम सभी के बीच अच्छी समझ और तालमेल देखने को मिला। जब अनुभवी कलाकार एक साथ काम करते हैं तो सीन और भी मजेदार बन जाते हैं। 'भूत बंगला' के जरिए पूरी टीम ने हॉरर-कॉमेडी के इस जॉनर को एक कदम आगे ले जाने की कोशिश की है, ताकि दर्शकों को कुछ नया और दिलचस्प देखने को मिले।''

आईएएनएस ने जब राजपाल यादव से फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर चर्चा में रहने वाले वीआईपी कल्चर के बारे में भी सवाल किया, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, '''भूत बंगला' की शूटिंग के दौरान किसी भी कलाकार को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया। फिल्म बनाना एक सामूहिक प्रयास होता है और इसमें हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होता है। फिल्म के सेट पर सभी लोगों के साथ समान व्यवहार किया गया और हर किसी को अपने काम के अनुसार सम्मान दिया गया। मैंने अपने लंबे करियर में कभी ऐसा भेदभाव महसूस नहीं किया, जहां किसी को ज्यादा और किसी को कम महत्व दिया गया हो।''

राजपाल यादव ने उन कानूनी समस्याओं का भी जिक्र किया, जिनका सामना उन्हें शूटिंग के दौरान करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि हर किसी के जीवन में मुश्किल समय जरूर आता है। ऐसे में इंसान को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मैंने अपने काम पर पूरा ध्यान दिया और हमेशा अपने अभिनय के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश की।

इंटरव्यू में आईएएनएस ने उनसे पूछा कि क्या वह भविष्य में फिल्म निर्देशन की ओर भी कदम बढ़ाना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा, "अगर कोई व्यक्ति एक बार फुटबॉल खेल लेता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह हर दिन फुटबॉल ही खेलेगा। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान अभिनय पर है। मैं अभी भी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर दर्शकों का मनोरंजन करना चाहता हूं। अभिनय ही मेरी असली पहचान है और मैं आगे भी इसी के जरिए दर्शकों को हंसाते और मनोरंजन करते रहना चाहता हूं।''
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,232
Messages
16,269
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top