नासिक कृषि कुंभ 2026: अन्नदाताओं के लिए वरदान! उन्नत तकनीक से खेती होगी स्मार्ट, बढ़ेगी आय और खुशहाली

नासिक कृषि कुंभ 2026: किसानों के लिए उपयोगी आयोजन, आधुनिक तकनीक से खेती में बढ़ेगी उत्पादकता


नासिक, 13 मार्च। महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 'कृषि कुंभ- 2026' किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी आयोजन साबित हो रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, नई सिंचाई पद्धतियों और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी जा रही है।

'कृषि कुंभ' का मुख्य उद्देश्य खेती की उत्पादकता बढ़ाना, किसानों की आय में वृद्धि करना और उन्हें वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती के तरीकों से जोड़ना है। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्टॉल, प्रदर्शनी और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए हैं, जहां किसान विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर रहे हैं। राज्य सरकार और कृषि विभाग लगातार आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और अधिक से अधिक किसानों से 'कृषि कुंभ' में भाग लेने की अपील की जा रही है।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार के कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए शुरू किए गए ‘महाविस्तार एआई’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी किसानों को खेती से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सर्कल एग्रीकल्चर ऑफिसर पिंपलगांव बसवंत मनोज दिलीप रूंथे ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि इस ऐप की मदद से किसानों को बाजार में मिलने वाले फसलों के ताजा दाम, जिले के अनुसार कौन-सी फसल उपयुक्त है, फसल की स्थिति और उसकी गुणवत्ता जैसी जानकारी आसानी से मिल जाती है।

उन्होंने बताया कि ऐप में ‘फर्टिलाइजर मात्रा कैलकुलेटर’ जैसी सुविधा भी दी गई है, जिसके जरिए किसान अपनी जमीन की जरूरत के अनुसार उर्वरक की सही मात्रा का अनुमान लगा सकते हैं। इसके अलावा ऐप के माध्यम से किसानों को मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी, जुताई से पहले की तैयारी, फसल प्रबंधन और बदलते मौसम से जुड़ी अहम सूचनाएं भी प्राप्त होती हैं।

मनोज दिलीप रूंथे ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मोबाइल फोन में ‘महाविस्तार एआई’ ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करें, ताकि खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीक और सही मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें।

वहीं, सब-डिवीजनल एग्रीकल्चर ऑफिसर बटु पाटिल ने बताया कि 'कृषि कुंभ 2026' के दूसरे दिन करीब 20 हजार किसान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 'कृषि कुंभ' का आयोजन पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक बड़े और व्यापक स्तर पर किया गया है।

उन्होंने बताया कि आयोजन में 14 प्रकार की एक्सपोर्ट क्वालिटी अंगूर की किस्मों का प्रदर्शन किया गया है, साथ ही विभिन्न सब्जियों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके अलावा कृषि विभाग की सभी योजनाओं को प्रदर्शनी और डिस्प्ले के माध्यम से किसानों को विस्तार से समझाया जा रहा है, ताकि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,208
Messages
16,245
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top