मुंबई, 12 मार्च। महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने दावा किया है कि देशभर में हो रही एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी के कारण उनके घर में गैस नहीं थी। खाना बनाने के लिए उन्हें इलेक्ट्रिक चूल्हे मंगवाने पड़े हैं।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि कल मुझे होटल वालों ने फोन किया कि होटल आज बंद हो रहा है। मैंने बहुत कोशिश की, मेरे रिश्तेदार के पास एक सिलेंडर ज्यादा मिल गया तो मैंने वहां भेज दिया। एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण पूरा पैनिक का माहौल है। हमने अपने घर में दो इलेक्ट्रिक चूल्हे मंगवाए हैं। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। जल्द से जल्द जो समस्या पैदा हुई है, उसका हल निकालना चाहिए।
महाराष्ट्र विधान भवन को बम की धमकी मिलने पर अबू आजमी ने कहा कि इसकी सही जांच होनी चाहिए। कुछ लोग तमाशा करते हैं। जबरदस्ती ऐसे मैसेज भेज देते हैं। ऐसे लोग पकड़े जाएं। सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि दोबारा कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।
कांग्रेस नेता भाई जगताप ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर कहा कि ईरान के युद्ध को दो सप्ताह हो गए। तेल हो या गैस, लेकर अगर हम उन पर निर्भर हैं, तो पूरी सावधानी केंद्र सरकार को बरतनी चाहिए थी। आज हालात बद से बदतर हैं। होटल और रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं जिससे उनसे जुड़े कर्मचारी बेरोजगार हो रहे हैं। यह सरकार की विफलता है। इतनी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, आपको प्रावधान करना चाहिए। यह विदेश नीति की विफलता है। आपको सारी जानकारी थी, देश को बचा नहीं पाएंगे तो सरकार कर क्या रही है।
महाराष्ट्र विधान भवन को बम की धमकी मिलने पर भाई जगताप ने कहा कि यह गंभीर मामला है। इस तरह की अफवाहें आती हैं, लेकिन आज से सत्र शुरू है। उसमें अगर इस तरह की हरकतें होती हैं, तो क्या यह हमारी एजेंसियों का फेलियर है? हमारी खुफिया एजेंसियों को इस बारे में पता होना चाहिए।