पटना में गैस संकट पर प्रशासन का वार: जमाखोरी रोकने 28 टीमें बनीं, गड़बड़ी पर FIR

पटना में गैस जमाखोरी रोकने के लिए 28 धावा दल गठित, आपूर्ति में गड़बड़ी के आरोप में डिलीवरी ब्वॉय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


पटना, 12 मार्च। ईरान युद्ध में पश्चिमी एशिया में आए संकट के कारण कथित तौर पर एलपीजी की कमी होने का बिहार में भी असर देखा जा रहा है। कई जिलों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर खरीदने के लिए लोग परेशान हैं।

इस बीच, पटना जिला प्रशासन ने घरेलू रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर एक हेल्पलाइन स्थापित की है तथा रसोई गैस की जमाखोरी रोकने के लिए 28 धावा दल का गठन किया गया है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने गुरुवार को कहा कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। इस बीच, जिलाधिकारी के निर्देश पर रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित की गई है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी नौ बजे पूर्वाह्न से छह बजे अपराह्न तक दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर दे सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण तथा गैस जमाखोरी की रोकथाम के लिए 28 धावा दल का गठन किया गया है। गैस डीलर के यहाँ फोर्स और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। एलपीजी गैस एजेंसी क्षेत्रों को विभिन्न सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल में विभाजित करते हुए डीलरवार सेक्टर दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों तथा सुपर जोनल दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी स्तर के पदाधिकारियों को सेक्टर, वरीय उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारियों को जोनल तथा अपर जिला दंडाधिकारी स्तर के पदाधिकारियों को सुपर जोनल दंडाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी डिस्ट्रिब्यूटर्स एवं गैस कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। इस बीच, पटना सदर अनुमंडल के एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ता द्वारा दी गई सूचना के आधार पर एक गैस एजेंसी के डिलीवरी ब्वॉय के खिलाफ पाटलिपुत्र थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बताया गया कि दीघा के रहने वाले एक उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि उन्होंने एजेंसी के यहां गैस सिलेंडर आपूर्ति के लिए बुकिंग की थी लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई जबकि इस संबंध में यह मैसेज दिया गया कि सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है। इन आरोपों के कारण एजेंसी के डिलीवरी ब्वॉय मुकेश के विरूद्ध पाटलिपुत्र थाना में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो, इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत आने पर दोषी एजेंसियों, संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने एवं गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,754
Messages
15,791
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top