सोशल मीडिया पोस्ट पर महेश बाबू के फैंस भड़के, डायरेक्टर हरीश शंकर को आखिर क्यों मांगनी पड़ी माफी?

एक पोस्ट को लेकर जब डायरेक्टर हरीश शंकर पर बरसे महेश बाबू के फैंस, मांगनी पड़ी माफी


हैदराबाद, 11 मार्च। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों सोशल मीडिया को लेकर एक विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बीच तेलुगु फिल्म निर्देशक हरीश शंकर ने बुधवार को सुपरस्टार महेश बाबू के फैंस से माफी मांगी। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को बिना पूरा पढ़े कोट कर देने की वजह से गलतफहमी पैदा हो गई थी।

इस पोस्ट को लेकर महेश बाबू के फैंस ने नाराजगी जताई, जिसके बाद हरीश शंकर ने तुरंत अपनी गलती स्वीकार करते हुए सफाई दी और कहा कि उनका किसी को भी आहत करने का कोई इरादा नहीं था।

मामले की शुरुआत मंगलवार को हुई, जब हरीश शंकर सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान वे अपनी आने वाली फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को लेकर लोगों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी बीच एक फैन ने पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी फिल्म महेश बाबू की फिल्मों के बनाए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दे।

हरीश शंकर ने इस पोस्ट को पूरी तरह पढ़े बिना ही उसे कोट करते हुए 'ऐसा ही होगा' लिख दिया लेकिन जब यह पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आया तो महेश बाबू के कुछ फैंस को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने इस पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी।

हरिश शंकर को जब अपनी गलती का एहसास हुआ, तो उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। बाद में बयान जारी करते हुए पूरे मामले को स्पष्ट किया और फैंस से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उस दिन उनका शेड्यूल बेहद बिजी था और कई काम एक साथ चल रहे थे।

निर्देशक ने कहा, ''उस दिन मैंने सेंसर बोर्ड की औपचारिकताओं के बाद अधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम, गाने के प्रोमो की जांच और प्रमोशन से जुड़े कई जरूरी काम भी उसी दिन पूरे किए। इन सबके बीच पत्रकारों, शुभचिंतकों और फैंस के मैसेज का भी जवाब दे रहा था, जो फिल्म के प्रोमो की तारीफ कर रहे थे और मुझे शुभकामनाएं भेज रहे थे।''

हरिश शंकर ने कहा, ''इसी व्यस्तता और जल्दबाजी में मैंने एक पोस्ट को पूरा पढ़े बिना ही कोट कर दिया। कुछ ही देर में मेरी टीम ने मुझे इस बारे में बताया और कहा कि मुझे पोस्ट को ध्यान से पढ़ना चाहिए। जब मैंने पोस्ट को दोबारा पढ़ा, तब मुझे एहसास हुआ कि मुझसे गलती हो गई है। इसके बाद मैंने तुरंत वह पोस्ट हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का फैसला किया।''

निर्देशक ने कहा, ''मैं महेश बाबू का बहुत सम्मान करता हूं। मुझे हमेशा से भरोसा रहा है कि महेश बाबू की आने वाली फिल्म 'वाराणसी' कई बड़े रिकॉर्ड बनाएगी।''
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,388
Messages
15,425
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top