गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह से नोएडा में हाहाकार, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़; डीएम ने बुलाई बैठक

नोएडा में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह से हड़कंप, डीएम ने बुलाया बैठक


ग्रेटर नोएडा, 11 मार्च। घरेलू गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बुधवार को कई गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ देखने को मिली।

सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश करते नजर आए। लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर की किल्लत हो सकती है, जिसके चलते कई लोग अपने घरों में अतिरिक्त सिलेंडर रखने के लिए जल्दबाजी में एजेंसियों पर पहुंच गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर जिला कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसी मालिकों और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी घरेलू गैस सिलेंडर की जमाखोरी या अवैध तरीके से बिक्री करते हुए पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो विभिन्न गैस एजेंसियों और संबंधित स्थानों पर छापेमारी कर स्थिति की निगरानी करेंगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का स्टॉक करने से बचें।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है। लोगों को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की समस्या या शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता पर्याप्त है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,416
Messages
15,453
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top