हिमंत सरमा ने बांटे CMAAA 1.0 के चेक, असम के युवा बनेंगे आत्मनिर्भर, मिली सपनों को उड़ान की नई दिशा

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सीएमएएए 1.0 के तहत बांटे चेक, लाभार्थियों ने सरकार की सराहना की


गुवाहाटी, 11 मार्च। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को गुवाहाटी के खानपारा वेटरनरी फील्ड में मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) 1.0 के तहत चेक वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने स्कीम के तहत चयनित लाभार्थियों को चेक सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने और पूरे असम में रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। सरमा ने बताया कि इस स्कीम के तहत योग्य युवा बिना किसी गिरवी या कोलेटरल के 2 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सरकार भविष्य में इस मदद को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से जोड़कर युवा उद्यमियों के लिए और अधिक सहायता बढ़ाने की योजना बना रही है।

मुख्यमंत्री ने विस्तार से बताया कि सीएमएएए 1.0 के पहले चरण में लगभग एक लाख युवाओं को शुरुआती किस्त के रूप में 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। दूसरे चरण में 12,000 लाभार्थियों को अतिरिक्त मदद मिलेगी, जबकि अंतिम चरण में दूसरे 12,000 युवाओं को पूरे 2 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए गर्व की बात है कि असम में सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट का एक मजबूत मॉडल बन रहा है।"

कार्यक्रम में लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की तारीफ की। एक महिला लाभार्थी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "सरकार के प्रयास से हमें बहुत लाभ मिला है। वित्तीय सहायता से हम अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं और पहले से ज्यादा आय कमा सकते हैं। सरकार महिलाओं पर विशेष ध्यान दे रही है, उन्हें धन्यवाद।"

एक अन्य महिला लाभार्थी ने कहा कि यह मदद उनके लिए बहुत उपयोगी है, जिससे वे अपनी आय बढ़ा सकेंगी। एक पुरुष लाभार्थी ने बताया, "पहले की सरकारों में कुछ नहीं हुआ था, लेकिन वर्तमान सरकार बहुत मददगार है।"

बेकरी दुकान चलाने वाले एक लाभार्थी ने कहा, "पहले मिले एक लाख रुपए से हम अपना व्यापार आगे बढ़ाएंगे।"

सीएम सरमा ने वैश्विक एलपीजी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी की आशंका थी, लेकिन पीएम ने स्थिति कुशलतापूर्वक संभाली। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान वैश्विक संकट के बावजूद प्रधानमंत्री सुनिश्चित करेंगे कि असम में घरेलू एलपीजी की कोई कमी न हो।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,420
Messages
15,457
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top