भारत की वर्ल्ड कप जीत पर दिलीप घोष का तंज: जय शाह के विरोधियों की बोलती बंद!

भारत की जीत पर दिलीप घोष ने दी बधाई, बोले-जय शाह के खिलाफ बोलने वालों की बोलती बंद


कोलकाता, 9 मार्च। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर भारतीय टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बन गई है। टीम इंडिया के वर्ल्ड चैंपियन बनने पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि सब कुछ उम्मीदों के मुताबिक हुआ है। क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत ने पिछला तीन मैच चैंपियन की तरह खेला। जो लोग जय शाह के खिलाफ खूब बोल रहे थे, अब उनकी बोलती बंद हो गई है।

दिलीप घोष ने कहा कि कई बार मेरे मन में आया कि प्रियरंजन दासमुंशी ने कब फुटबाल खेला और प्रफुल्ल पटेल ने कब फुटबाल खेला। ये लोग फुटबाल फेडरेशन के हमेशा अध्यक्ष रहे। शरद पवार कौन सा इंटरनेशनल मैच खेलकर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने। उन्होंने कहा कि जय शाह प्रशासक हैं। उन्होंने दिखाया कि कैसे पाकिस्तान और बंग्लादेश से सख्ती से पेश आना पड़ता है। डिप्लोमेसी क्या होती है और क्रिकेट क्या होता है।

उन्होंने कहा कि ईशान किशन जैसे प्रतिभावान खिलाड़ी का आईपीएल में भी नाम नहीं आ रहा था। मैंने पिछली बार जय शाह से पूछा था कि उसे कब मौका देंगे तो उन्होंने कहा था कि बिल्कुल देंगे। आज उसी ईशान किशन के प्रदर्शन ने भारत को जिताया है। ये जय शाह की क्रिएटिविटी है और इसे ही प्रशासक बोलते हैं। इसलिए बधाई तो मैं जय शाह को भी दूंगा और पूरी भारतीय टीम ने चैंपियन की तरह प्रदर्शन किया है और भारतीय को गर्वित किया है।

बता दें कि टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। भारत ने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को तीसरी बार जीता है। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है। टीम इंडिया से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top