टी20 वर्ल्ड कप जीत पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता बोले, यह 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे और नए भारत की जीत

टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता बोले, यह 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे की जीत


अहमदाबाद, 9 मार्च। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने टी-20 विश्व कप में भारत की जीत को 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे की जीत बताया है।

अहमदाबाद में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार से टीम इंडिया ने परफॉर्मेंस किया है, जीत तो निश्चित ही थी। यह 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे की जीत है। ये टीम इंडिया की मेहनत की जीत है। ये हमारे हौंसले की जीत है और ये नए भारत की जीत है। यह पहली बार है कि किसी देश ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता है। भारत ने कई नए कीर्तिमान रचे हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बहुत कुछ पहली बार हुआ है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में हाईकोर्ट के फैसले को लेकर कल तक ट्रायल कोर्ट के ऑर्डर पर जश्न मनाने वाले अब क्या जवाब देंगे। उसका भी जनता को इंतजार है।

अब हाईकोर्ट की जो टिप्पणी है, क्या उसे स्वीकार करेंगे। मैंने उस समय भी कहा था कि आप जब सत्यमेव जयते कहते हैं, तो हर चीज के लिए होना चाहिए। अब यही कहेंगे कि हाईकोर्ट तो किसी के प्रेशर में है, ऐसा नहीं है। अगर न्यायतंत्र का आप सम्मान करते हैं, तो हर फैसले का सम्मान कीजिए चाहे वह आपके फेवर में हो या आपके खिलाफ हो।

हरियाणा में 'टिकट के बदले पैसे' के आरोपों को लेकर रोहन गुप्ता ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि ये दरबारी कांग्रेस है। सबको सब कुछ मालूम है, फिर भी हर कोई चुप है। बिहार, हरियाणा, और दिल्ली में इतनी बड़ी हार हुई, क्या एक्शन लिया गया? कौन से दरबारी को हटाया गया? जिन लोगों ने टिकट काटी, निर्णय लिए, आज वही शासन कर रहे हैं, वही आत्ममंथन कर रहे हैं, वही जांच बैठा रहे हैं और वही एक्शन ले रहे हैं। ऐसे में एक्शन किस पर होगा?

राष्ट्रपति मुर्मु वाले मामले में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति मुर्मु के अपमान से ज्यादा संविधान का अपमान है। राष्ट्रपति प्रथम नागरिक हैं, उनका अपमान बंगाल की जनता नहीं सह सकती। बंगाल की जनता विधानसभा चुनाव में परिवर्तन लाकर ममता बनर्जी को जवाब देगी।

संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि चर्चा तो विपक्ष चाहता ही नहीं है, क्योंकि चर्चा होगी तो विपक्ष की सच्चाई सबके सामने आ जाएगी। अपनी सच्चाई छिपाने के लिए विपक्ष हंगामा करता है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,725
Messages
14,762
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top