पंजाब पुलिस का बड़ा खुलासा! अवैध हथियार सप्लाई गैंग का भंडाफोड़, विदेशी कनेक्शन के साथ नाबालिग समेत दो धरे गए

पंजाब में हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़, एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार


चंडीगढ़, 8 मार्च। पंजाब पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पंजाब के डीजीपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, "कपूरथला पुलिस की कार्रवाई में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच देसी पिस्तौल (7.65 एमएम) भी बरामद की हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है, जिससे इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।"

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना मिलने के बाद विशेष ऑपरेशन के तहत की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इनका संपर्क फिलीपींस और यूएई में बैठे कुछ संदिग्ध लोगों से था, जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों ने अवैध हथियार मध्य प्रदेश से खरीदे थे। इसके बाद इन हथियारों को पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। बरामद पिस्तौलों का इस्तेमाल इलाके में फायरिंग, धमकी देने और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था।

पंजाब पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार देश के बाहर बैठे लोगों से जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और इसके पीछे काम कर रहे अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के लिंक की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,151
Messages
14,188
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top