श्री आनंदपुर साहिब, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल श्री आनंदपुर साहिब के नजदीक स्थित गंभीरपुर गांव में देखने को मिल रही है। यहां की रहने वाली गुरदीप कौर केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ड्रोन दीदी योजना 2024 के तहत ड्रोन पायलट बनकर न सिर्फ अपने परिवार के लिए रोजगार का साधन बनी हैं बल्कि खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
गुरदीप कौर को इफको कंपनी की ओर से ड्रोन चलाने की विशेष ट्रेनिंग दी गई है। इस ट्रेनिंग के बाद उन्हें ड्रोन उड़ाने का प्रमाण पत्र भी दिया गया है। कंपनी द्वारा उन्हें 10 लाख का ड्रोन और करीब 5 लाख की एक थ्री-व्हीलर गाड़ी भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके जरिए वह ड्रोन और उससे जुड़ी सुविधाओं को एक गांव से दूसरे गांव तक आसानी से लेकर जा सकती हैं।
गुरदीप कौर अब अलग-अलग गांवों में जाकर किसानों के खेतों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक दवाओं और खाद का छिड़काव कर रही हैं। ड्रोन की मदद से कम समय और कम खर्च में खेतों की देखभाल संभव हो जाती है। इससे किसानों को मजदूरी की कमी और बढ़ते खर्च से भी राहत मिल रही है।
गुरदीप कौर ने बताया कि ड्रोन पायलट बनना उनके लिए गर्व की बात है। इस ट्रेनिंग के जरिए उन्हें नई तकनीक सीखने का मौका मिला है और अब वह अपने गांव और इलाके के किसानों की मदद कर रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाएं और ड्रोन की मदद से अपनी फसल की पैदावार बढ़ाएं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुरदीप कौर जैसी महिलाएं यह साबित कर रही हैं कि अगर अवसर मिले तो ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी नई तकनीक को अपनाकर न केवल अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं, बल्कि समाज और कृषि क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।