नई दिल्ली, 7 मार्च। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर यूपीएससी सीएसई 2025 का फाइनल रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया, जिसमें कुल 958 चयनित उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर शामिल हैं।
यूपीएससी सीएसई 2025 की परीक्षा में चयनित 958 उम्मीदवारों में एक नाम झारखंड के धनबाद के शुभम कुमार महतो का हैं, जिन्होंने लगातार तीसरी बार सिविल सेवा परीक्षा में बाजी मारी है। उन्होंने ऑल इंडिया 142वां रैंक हासिल किया है।
झारखंड के धनबाद के डुमरा जमुआटांड़, बाघमारा निवासी बीसीसीएल कर्मी हीरालाल महतो के 29 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार महतो ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 142वीं रैंक हासिल कर धनबाद का नाम रोशन किया है।
इससे पहले शुभम ने दो बार यूपीएससी सीएसई में सफलता हासिल की थी, लेकिन उन्हें 2023 में 857वां और 2024 में 606वां रैंक मिला था। हालांकि, अपने पहले दो अटेंप्ट के रैंक से शुभम संतुष्ट नहीं थे, इसलिए उन्होंने तीसरी बार प्रयास करने का फैसला लिया।
शुभम के सालों की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने उन्हें लगातार तीसरी बार यूपीएससी सीएसई की परीक्षा में सफलता दिलाई है। तीसरे प्रयास में अच्छा रैंक लाने पर आज उनके साथ उनका पूरा परिवार संतुष्ट है।
शुभम के एजुकेशनल क्वालिफिकेशन की बात करें तो उन्होंने चंद्रपुरा डी-नोबिली स्कूल से 10वीं की। फिर 12वीं डीपीएस बोकारो से पास किया। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने बीएचयू, बनारस से माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इस दौरान वह गोल्ड मेडलिस्ट रहे। ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल करने के बाद शुभम ने सिविल सर्विस की तैयारी करने का फैसला लिया और वे दिल्ली चले गए।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। मां मंजू देवी अपने बेटे की कामयाबी पर खुश हैं। शुभम का कहना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता है। इसे पाने के लिए व्यक्ति को खूब मेहनत करनी पड़ती है। कठिन मेहनत, अनुशासन व धैर्य बनाए रखने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने यूपीएससी एस्पिरेंट्स और छात्रों को सलाह दी कि अपने पेरेंट्स की बातें अवश्य माननी चाहिए, क्योंकि वे हमेशा बच्चों के लिए बेहतर ही सोचते हैं।
बता दें कि इस साल अनुज अग्निहोत्री ने यूपीएससी सीएसई में प्रथम स्थान, राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा स्थान, और एकांश ढुल ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा राघव झुनझुनवाला ने चौथा, ईशान भटनागर ने पांचवां, और जिनिया अरोड़ा ने छठा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सातवां स्थान ए आर राजा मोहिद्दीन, आठवां पक्षल, नौंवा स्थान आस्था जैन, और दसवां स्थान उज्ज्वल प्रियांक ने हासिल किया है।