महिला दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम का विशेष तोहफा! अब मातृशक्ति को मिलेगा मुफ्त और प्राथमिकता से दर्शन

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खास तोहफा, श्री काशी विश्वनाथ धाम में मातृशक्ति को मिलेगा फ्री दर्शन का मौका


नई दिल्ली, 6 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। मंदिर प्रबंधन ने घोषणा की है कि इस दिन महिलाओं को निशुल्क दर्शन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। चाहे वे काशी की निवासी हों या देश-विदेश से आईं श्रद्धालु, सभी मातृशक्ति को बिना टिकट के भगवान विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा।

वाराणसी आने वाली महिलाएं इस दिन भगवान बाबा विश्वनाथ के दर्शन आसानी से कर सकेंगी और मंदिर की इस विशेष व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगी। यह पहल न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि समाज में महिलाओं की गरिमा और सम्मान को बढ़ावा देने का भी संदेश देती है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि 8 मार्च को द्वार संख्या 4-बी से महिलाओं को सीधा प्रवेश दिया जाएगा। विशेष रूप से गोद में बच्चों को लेकर आने वाली महिलाओं को प्राथमिकता से दर्शन कराए जाएंगे। इस व्यवस्था से महिलाओं को लंबी कतारों और टिकट की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय पहले से ही काशीवासियों के लिए आरक्षित रहता है, इसलिए इस दौरान काशी निवासियों की विशेष व्यवस्था यथावत रहेगी। शेष पूरे दिन महिलाओं के लिए यह निशुल्क और विशेष प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस फैसले के माध्यम से मातृशक्ति का सम्मान किया है। विश्वभूषण मिश्रा ने कहा, भगवान विश्वनाथ मातृशक्ति का आशीर्वाद संपूर्ण मानवता पर, संपूर्ण आराधकों पर बनाए रखें। हम सभी मातृशक्ति की सुख-समृद्धि, सनातन धर्मावलंबियों और भगवान विश्वनाथ के समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना करते हैं। हर हर महादेव।

मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस दिन शांति और व्यवस्था बनाए रखें, ताकि सभी महिलाएं सुगमता से दर्शन कर सकें।

वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक है। इसे बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख माना जाता है। गंगा तट पर अवस्थित यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में भव्य कॉरिडोर, निशुल्क दर्शन और विशेष पूजा व्यवस्था है। बाबा के दर्शन को प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top