आप नेता ढांडा का दावा: हरियाणा में भाजपा-कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे, जनता से धोखा

हरियाणा में भाजपा से मिली हुई है कांग्रेस : अनुराग ढांडा


रोहतक, 6 मार्च। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। कांंग्रेस के लोग भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर काम करते हैं। ये लोग महज प्रदेश की जनता को दिखाने के लिए एक-दूसरे से लड़ते हैं लेकिन सच्चाई यह है कि अंदरखाने दोनों एक-दूसरे से लड़ते हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आप हर बार देख सकते हैं कि जब कभी राज्यसभा का चुनाव आता है, तो भाजपा अपने उम्मीदवार को हर हाल में जितवा लेती है जबकि कांग्रेस को अंत में हार का मुंह ही देखना पड़ता है। इसका कारण यह है कि भूपेंद्र हुड्डा और उनके साथी वहीं पर वोट करते हैं, जहां भाजपा चाहती है। कुल मिलाकर, कांग्रेस के लोग भाजपा के इशारे पर काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में विपक्ष के रूप में भूपेंद्र हुड्डा समझौते का नेतृत्व कर रहे हैं। वो भाजपा के इशारे पर काम करते हैं और जब तक ऐसा चलता रहेगा, तब तक मुझे नहीं लगता है कि कांग्रेस अपना उम्मीदवार राज्यसभा में जितवा पाएगी। ऐसी स्थिति में अब प्रदेश के लोगों को यह देखना होगा कि कांग्रेस को विधायकों को जिताने का और उनके पक्ष में मतदान करने का कोई मतलब नहीं रह जाता है।

इसके अलावा, उन्होंने भूपेंद्र हुड्डा को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि वो मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं। क्या इस तरह की स्थिति को सूबे की जनता स्वीकार कर सकती है। सच्चाई यह है कि हर किसी के पास माद्दा नहीं है कि भाजपा जैसे तानाशाह राजनीतिक दल के खिलाफ आवाज बुलंद की जा सके। यही कारण है कि कांग्रेस के लोगों ने आत्मसमर्पण किया हुआ है।

साथ ही, उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान यह दावा किया जा रहा था कि कांग्रेस जीत रही है लेकिन अफसोस की बात है कि भूपेंद्र हुड्डा ने अंदर ही अंदर भाजपा से सेटिंग कर ली। अंत में प्रदेश में भाजपा की सरकार बन गई।

उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में भाजपा की सरकार को बने एक साल हो गए। पिछले एक साल में ऐसा कौन-सा मुद्दा है, जिसे लेकर भूपेंद्र हुड्डा सड़क पर उतरे हैं जबकि ऐसे कई मुद्दे हैं, जिसकी वजह से जनता परेशान है। भाजपा ने कांग्रेस को अपने पक्ष में सेट कर रखा है। उन्हें डरा रखा है कि हम आपको जेल में डाल देंगे। यही वजह है कि ये सभी आत्मसमर्पण की स्थिति में हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,586
Messages
13,623
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top