टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की अग्निपरीक्षा, क्या टूट पाएगा हार का अनचाहा रिकॉर्ड?

फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की राह मुश्किल, टी20 वर्ल्ड कप में अब तक नहीं मिली है जीत


नई दिल्ली, 6 मार्च। टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद, में होना है। मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।

भारत के लिए फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद मुश्किल है। इसकी वजह टी20 विश्व कप का इतिहास है, जो न्यूजीलैंड के पक्ष में है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं जीती है। दोनों देशों के बीच अब तक 3 मैच खेले गए हैं और तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है।

दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला टी20 विश्व कप 2007 के दौरान खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सभी विकेट खोकर 190 रन बनाए थे। भारतीय टीम 180 रन बना सकी थी और 10 रन से मैच हार गई।

दूसरा मैच टी20 विश्व कप 2016 में खेला गया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 126 रन बनाए थे। भारतीय टीम 79 रन पर सिमट गई और 47 रन से मैच हार गई।

दोनों टीमों की टी20 विश्व कप की तीसरी और आखिरी मुलाकात 2021 विश्व कप के दौरान हुई थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 110 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया था।

इस तरह टी20 विश्व कप में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है।

ओवरऑल आंकड़े पर गौर करें तो टी20 में भारतीय टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ पलड़ा भारी है। दोनों देशों के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं। भारतीय टीम ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में सफलता मिली है। 1 मैच टाई रहा है।

विश्व कप से पहले भी न्यूजीलैंड और भारत के बीच 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई थी। भारतीय टीम ने अपने घर में हुई इस सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी थी।

टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड को 8 मार्च को हराकर जीत का इंतजार समाप्त करने और बैक-टू-बैक टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का अवसर है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,582
Messages
13,619
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top