राष्ट्रीय राजनीति में नीतीश कुमार के मार्गदर्शन से पूरे देश को मिलेगा लाभ: दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान

नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में मार्गदर्शन से पूरे देश को होगा लाभ : दिलीप जायसवाल


पटना, 6 मार्च। बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में नीतीश कुमार के राजनीतिक मार्गदर्शन से पूरे देश को लाभ होगा।

नीतीश कुमार के बारे में मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा की सदस्यता के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। निश्चित रूप से आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में नीतीश कुमार के राजनीतिक मार्गदर्शन से पूरे देश को लाभ होगा।"

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ पटना में मुलाकात की।

राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए नीतीश ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।"

इसी बीच, दिलीप जायसवाल ने पूर्व विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव को नागालैंड का गवर्नर बनाए जाने पर कहा, "नंद किशोर यादव पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री और विधानसभा स्पीकर के तौर पर काम किया है। उन्हें संगठन का लंबा अनुभव है। उनके पास प्रशासनिक अनुभव भी है।"

जायसवाल ने आगे कहा, "मैं नंद किशोर यादव को शुभकामनाएं देता हूं। वे आने वाले समय में राज्यपाल के रूप में देश की सेवा करेंगे।"

उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। दिलीप जायसवाल ने कहा, "ममता बनर्जी को अपने आप से सवाल करना चाहिए कि किस तरह बंगाल में संवैधानिक संस्थानों का चीरहरण किया जा रहा है। टीएमसी के कार्यकर्ता जिस तरह संविधान का मखौल उड़ा रहे हैं, आने वाले समय में पूरा देश देख रहा है कि ममता बनर्जी क्या कर रही हैं। राजनीति में लोग कितने नीचे गिरकर संवैधानिक व्यवस्था का उल्लंघन करने का काम कर रहे हैं।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,426
Messages
13,463
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top