नेपाल में मतदाताओं को बदलाव की उम्मीद, शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आगे

नेपाल में मतदाताओं को बदलाव की उम्मीद, शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आगे


काठमांडू, 6 मार्च। नेपाल में शुक्रवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों से देश में राजनीतिक बदलाव की उम्मीदें नजर आ रही हैं। शुरुआती नतीजों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) 96 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेंद्र शाह उर्फ बालेन शाह भी केपी शर्मा ओली से भारी मतों से आगे चल रहे हैं।

एक नई राजनीतिक पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की खबरों ने भ्रष्टाचार से परेशान नागरिकों के बीच उम्मीद की नई लहर पैदा कर दी है।

नेपाल चुनाव आयोग के संयुक्त सचिव और प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टाराई के मुताबिक, शुरुआती नतीजों में नेपाली कांग्रेस दूसरे, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) तीसरे और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी चौथे स्थान पर चल रही है।

मतदाता भी मतगणना प्रक्रिया पर करीब से नजर रखे हुए हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि चुनाव के नतीजे देश में सार्थक सुधार लाएंगे।

कनाडा से नेपाल लौटी मतदाता डॉ. अनुपमा ने कहा कि एक नई पार्टी के उभरने से लोगों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि इस बार नेपाल में बदलाव आएगा क्योंकि एक नई पार्टी आगे बढ़ रही है। हम कनाडा से वापस आए हैं और अपनी कनाडाई नागरिकता भी छोड़ दी है। हम एक बदले हुए नेपाल की उम्मीद कर रहे हैं और अब भ्रष्टाचार नहीं चाहते।”

एक अन्य मतदाता डॉ. प्रह्लाद उप्रेती ने कहा कि इस साल हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शनों के बाद यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जेन जी के विरोध प्रदर्शनों के बाद यह बहुत अहम चुनाव है। लोग बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं और अगर नई पार्टियां जीतती हैं तो हम चाहते हैं कि यह बदलाव संस्थागत रूप ले।”

जानकारों का कहना है कि उभरते ट्रेंड पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों से लोगों की बढ़ती निराशा और वोटरों, खासकर युवा पीढ़ी में, ज्यादा जवाबदेही और सुधार की इच्छा को दिखाते हैं।

फिलहाल नया बनेश्वर स्थित सहकारी प्रशिक्षण केंद्र में मतगणना जारी है। सभी निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सभी चुनाव क्षेत्रों में गिनती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिरी नतीजे आने की उम्मीद है। ताजा अपडेट के अनुसार बालेन शाह चार हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,625
Messages
13,662
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top