ग्रेटर नोएडा को मिली बड़ी सौगात: सीएम योगी ने किया अस्पताल का उद्घाटन, बोले- डॉक्टरों का आत्मविश्वास कपिल देव सा हो

ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का किया उद्घाटन


ग्रेटर नोएडा, 5 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में बने केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव और गौतमबुद्ध नगर से सांसद महेश शर्मा भी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में डॉक्टरों के व्यवहार और आत्मविश्वास की अहमियत बताते हुए एक रोचक उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब कपिल देव गेंदबाजी करने मैदान में उतरते थे तो पाकिस्तान की टीम मैच शुरू होने से पहले ही आधा हार मान लेती थी। उसी तरह अगर डॉक्टर आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ मरीज का इलाज करें तो उसकी बीमारी आधी वहीं खत्म हो जाती है।

उन्होंने कहा कि जब दवा और दुआ दोनों मिल जाती हैं तो मरीज जल्दी स्वस्थ होता है और अस्पताल की प्रतिष्ठा भी बढ़ती है। सीएम योगी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना एनसीआर के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र हर व्यक्ति के लिए अत्यंत जरूरी है और हर नागरिक बेहतर इलाज की अपेक्षा रखता है। सरकार लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही है, लेकिन व्यापक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निजी क्षेत्र की सहभागिता भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आज देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक बन चुकी है। इस योजना से देशभर में करीब 60 करोड़ लोग जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में ही 5 करोड़ से अधिक लोगों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं, जिनके माध्यम से उन्हें पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जरूरी है। सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों का बनना अच्छी बात है, लेकिन यह भी जरूरी है कि सरकारी दरों और निजी अस्पतालों की फीस के बीच संतुलन बना रहे, ताकि आम आदमी को सस्ता और भरोसेमंद इलाज मिल सके।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 तक देश में केवल छह एम्स संचालित थे, जबकि आज 23 विश्वस्तरीय एम्स संस्थान काम कर रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में 2017 तक 17 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ नीति के तहत 75 जिलों में लगभग 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं या निर्माणाधीन हैं। करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से बना केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल 300 बेड की आधुनिक सुविधा से लैस है। यहां कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में हाईटेक मशीनों से उन्नत सर्जरी की सुविधा भी दी जाएगी।

इस अस्पताल के शुरू होने से करीब 1000 लोगों को सीधे और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरकार के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और इस अस्पताल के माध्यम से प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह संस्थान उत्तर प्रदेश का नाम देश और विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,153
Messages
13,190
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top