मासिक धर्म में लापरवाही पड़ सकती है भारी! सेहत का ऐसे रखें खास ख्याल, जानें किन गलतियों से बचें

मासिक धर्म में महिलाएं रखें अपना खास ख्याल, न करें ये गलतियां


नई दिल्ली, 5 मार्च। मासिक धर्म महिलाओं के जीवन का एक सामान्य और प्राकृतिक हिस्सा है, लेकिन इस दौरान सही देखभाल और स्वच्छता का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। अक्सर महिलाएं इस दौरान कुछ गलतियां कर बैठती हैं, जिससे उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि मासिक धर्म के दिनों में आप अपने शरीर और स्वास्थ्य का खास ख्याल रखें।

सबसे पहले, खानपान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। इस दौरान शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत होती है, इसलिए हल्का और पौष्टिक भोजन करें। फल, सब्जियां, दालें और प्रोटीन युक्त चीजें अपने आहार में शामिल करें। इसके साथ ही पानी पर्याप्त मात्रा में पीएं, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और पाचन सही ढंग से काम करे। जंक फूड, ज्यादा तली-भुनी चीजें और ज्यादा मीठा खाने से परहेज करें, क्योंकि ये पेट की तकलीफ और शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं।

दूसरा, शारीरिक गतिविधि पर ध्यान दें। हल्का-फुल्का काम और योग या स्ट्रेचिंग ठीक हैं, लेकिन ज्यादा मेहनत और भारी वर्कआउट से बचें। शरीर इस समय थोड़ी संवेदनशील होता है, इसलिए जरूरत से ज्यादा थकावट से बचना ही बेहतर है।

सबसे महत्वपूर्ण है मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता। हमेशा साफ और सूती कपड़े पहनें और सैनिटरी पैड का इस्तेमाल करें। पैड को समय-समय पर बदलते रहें, कम से कम हर 4-6 घंटे में। खुले पैक में पैड को न रखें। इससे बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं और संक्रमण का खतरा होता है। पैड या कपड़ों को इस्तेमाल के बाद सही तरीके से फेंकना या धोकर रखना चाहिए।

इसके अलावा, व्यक्तिगत हाइजीन पर भी ध्यान दें। रोजाना हल्का सा स्नान करें और खासकर पैड बदलते समय हाथों को अच्छे से धोएं। इससे संक्रमण और त्वचा संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।

मासिक धर्म के दिनों में थोड़ा ध्यान और सही आदतें अपनाने से न सिर्फ स्वास्थ्य सही रहता है, बल्कि बेहतर महसूस होता है। सही खान-पान, पर्याप्त पानी, हल्की गतिविधि और स्वच्छता के छोटे-छोटे उपायों को अपनाएं। ये आदतें आपको स्वस्थ रखती हैं और मासिक धर्म के दौरान होने वाली तकलीफ को कम करने में मदद करती हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,092
Messages
13,129
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top