पप्पू यादव की मांझी-चिराग-उपेंद्र से मार्मिक अपील: बिहार को भाजपा का 'चारागाह' न बनने दें, एकजुट हों

मांझी-चिराग और उपेंद्र कुशवाहा, बिहार को भाजपा का चारागाह न बनने दें : पप्पू यादव


पटना, 5 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा के बाद पूर्णिया से सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा बिहार को भाजपा का चारागाह न बनने दें।

सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मांझी जी, चिराग जी, लालू जी और उपेंद्र जी, बिहार को भाजपा का चरागाह न बनने दें। एकमत से निशांत कुमार को बिना शर्त समर्थन देकर बिहार का मुख्यमंत्री बना दें और भाजपा के लिए बिहार का दरवाजा बंद कर दें।"

उन्होंने आगे लिखा, "भविष्य की राजनीति आपस में फरिया लेंगे। इतिहास में अमर हो जाओगे और बिहारी स्वाभिमान का प्रतीक बन जाओगे।"

इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा व्यक्त की। कई दिन से चल रहीं अटकलों को समाप्त करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को स्पष्ट किया है कि वे राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नई बिहार सरकार को उनका पूर्व सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।"

सीएम नीतीश ने आगे लिखा, "मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा व आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।"

नीतीश कुमार के पोस्ट के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी। सम्राट चौधरी ने लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए जदयू से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर अनंत बधाई और शुभकामनाएं। आपका दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए आपका सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वास है कि आपके अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,024
Messages
13,061
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top